- परिजनों ने तबीयत बिगड़ने पर महिला को कराया था जिला अस्पताल में भर्ती, उपचार के दौरान तोड़ा दम
जनवाणी संवाददाता |
बहसूमा: थाना क्षेत्र के रामराज में सास से कहासुनी के बाद महिला ने जहर खा लिया। इसके बाद उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मामला बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज का है।
बताया जा रहा है कि विवाहिता काजल (23) पत्नी जोनी निवासी रामराज का सास से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साई बहू ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे महिला की तबीयत महिला बिगड़ गई। जिस पर परिजन आनन-फानन में महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने पेट से जहर निकालने का प्रयास किया,
लेकिन काजल की उपचार के दौरान मौत हो गई। काजल का पति राजमिस्त्री का कार्य करता है। जो फिलहाल काम पर गाजियाबाद गया हुआ है। इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष कुमार का कहना है कि मामले की अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी।
सड़क हादसे में घायल की मौत
खरखौदा: मेरठ-बुलंदशहर हाइवे पर कार की टक्कर से घायल मोपेड सवार की उपचार के दौरान मेडिकल में मौत हो गई। बुलंदशहर के खुर्जा स्थित नई बस्ती कालोनी निवासी राजपाल उम्र करीब 58 वर्ष पुत्र कल्लू राम गत छह फरवरी को मोपेड पर सवार होकर मेरठ किसी काम से जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर स्थित गांव पांची के निकट पहुंचा तो कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था।
सूचना पर पहुंची धीरखेड़ा चौकी पुलिस ने घायल को मेडिकल में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी थी। जहां शुक्रवार सुबह घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर को मोर्चरी भेज दिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने शव को घर ले जाकर श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।
विवाहिता से मारपीट
सरधना: हापुड़ जिले के खेड़ा गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2021 में सरधना के कपसाड़ गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि युवक के अन्य महिला से अवैध संबंध है। इसके अलावा आपराधिक गतिविधि में शामिल रहता है। जिसका विवाहिता विरोध करती थी। इसके चलते आरोपी विवाहिता से मारपीट करता। कुछ महीने पहले आरोपी ने विवाहिता का मारपीट करके घर से निकाल दिया था। तभी से विवाहिता मायके में रह रही है।
बीते गुरुवार को विवाहिता अपने मायके में थी। आरोप है कि तभी पति वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण उस ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। शुक्रवार को पीड़िता ने कोतवाली पहुंच कर आरोपी पति के खिलाफ तहरीर देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।

