- उप्र जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: उप्र जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की ऊन ब्लाक इकाई ने शिक्षकाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उइाते हुए खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उनके निस्तारण की मांग की है।
उप्र जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा के नेतृत्व में शिक्षकों का एक प्रतिनिधि मंडल ऊ न में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) संजय डबराल को एक मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में दी गई समस्याओं के शीघ्र निस्तारण कराए जाने की मांग की।
मांग पत्र में शिक्षकों की मुख्य समस्याओं में दिव्यांग शिक्षकों को शासनादेश के अनुसार पुनरीक्षित वाहन भत्ते का भुगतान दिसंबर 2020 के वेतन के साथ दिलवाने की मांग की गई। साथ ही, चयन वेतनमान स्वीकृति के उपरांत संबंधित शिक्षकों को आदेश की प्रति उपलब्ध कराने तथा नए व एनपीएस धारक शिक्षकों की बोनस की बकाया धनराशि का तत्काल भुगतान कराने और शिक्षकों को एरिया की सूची व बिल लेखा अधिकारी शामली से रिसीव कर भुगतान कराए जाने की मांग की है।
इनके अलावा पुराने अध्यापकों के जीपीएफ के लेजर व धनराशि को यथाशीघ्र मुजफ्फरनगर से शामली स्थानांतरित कराने एवं विद्यालयों में भेजे जा रहे भारी भरकम विद्युत बिलों का समाधान तथा शिक्षकों की प्रतिवर्ष की आयकर संबंधी समस्याओं का स्थाई समाधान करने और शिक्षकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने तथा बीआरसी कार्यालय पर लिपिक की स्थाई व्यवस्था कराए जाने की मांग शामिल हैं। प्रतिनिधि मंडल में ब्लॉक अध्यक्ष अनिल वर्मा , ब्लॉक मंत्री सुबोध शर्मा, राजीव वर्मा, रविंद्र शर्मा, ब्लॉक कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे ।

