जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: हाथरस जा रहे रालोद नेता जयंत चौधरी तथा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आज बृहस्पतिवार को मुजफ्फरनगर जिला मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन का आयोजन किया गया है।
रालोद की लोकतंत्र बचाओ रैली मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान पर चल रही है जिसमें कई दलों के कार्यकर्ता भी शामिल हैं। खाप चौधरियों, भाकियू, सपा, कांग्रेस और शिवसेना ने भी रैली को समर्थन दिया है।
हाथरस में जयंत चौधरी पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आहूत इस रैली को अन्य संगठनों और दलों का साथ मिलने के बाद प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि रैली में रालोद उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद जयंत चौधरी, जनता दल एस सांसद परवाल रेवन्ना, पूर्व सांसद एवं सपा नेता धर्मेंद्र यादव, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा, हरियाणा के विधायक अभय सिंह चौटाला, राजस्थान विधान सभा के डिप्टी स्पीकर आफताब, कांग्रेस के पूर्व सांसद जयप्रकाश शामिल होंगे।
भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा है कि जब भी समाज के किसी व्यक्ति के साथ कोई मामला हुआ है तो खाप हमेशा साथ रही है। रैली में भारी भीड़ जुटने की संभावना के चलते पुलिस-प्रशासन ने रिजर्व पुलिस फोर्स के साथ ही पांच कंपनी पीएसी भी मंगाई है।

