- उक्त भूमि पर डाला जाएगा नगर का कूड़ा करकट
जनवाणी संवाददाता |
बढ़ापुर: स्थानीय पंचायत प्रशासन द्वारा नगर के मोहल्ला लालसराय के पश्चिम में डंपिंग ग्राउंड के लिए भूमि चिन्हित कर डंपिंग ग्राउंड निर्माण के लिए कार्य आदेश जारी किया गया। बढ़ापुर नगर पंचायत प्रशासन के लिए कूड़ा एकत्रित करना एक सबसे बड़ी समस्या थी। जिसके चलते बीते काफी समय से नगर पंचायत प्रशासन डंपिंग ग्राउंड बनाने के लिए प्रयासरत थी।
इसी क्रम में पहले भी डंपिंग ग्राउंड के लिए जगह के चिन्हीकरण की कार्यवाही की गई थी। शनिवार को चेयरमैन आबिद अंसारी, अधिशासी अधिकारी सेवा राम राजभर, अवर अभियंता रजनीश कुमार, हल्का लेखपाल कमल कुमार शर्मा ने नगर के मोहल्ला लाल सराय झोझीयान में डंपिंग ग्राउंड के लिए भूमि का चिन्ह करण कर चूना डालकर संबंधित ठेकेदार को कार्य आदेश जारी कर दिए।
बताया जा रहा है कि डंपिंग ग्राउंड बनने के पश्चात नगर से उठाया जाने वाला कूड़ा करकट अब इसी डंपिंग ग्राउंड में पहुंचेगा। जो कि अब तक नगर के दोनों ओर बहने वाली नदियों में डाला जा रहा था। इस बारे में चेयरमैन आबिद अंसारी ने बताया कि नगर के चारों ओर पंचायत प्रशासन की सरकारी भूमि को सरकारी योजनाओं में इस्तेमाल करने का कार्य अमल में लाया जा रहा है। जिसके चलते हुए नगर की सबसे प्रमुख कूड़ा निस्तारण समस्या के लिए डंपिंग ग्राउंड बनाया जा रहा है।

