जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में अलची (लेह) के उत्तर में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप के झटके सुबह करीब 7:29 बजे महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की 4.3 गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने भूकंप की पुष्टि की है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दिगलीपुर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का झटका सोमवार देर रात दो बजकर 52 मिनट पर आया। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने भूकंप की पुष्टि की है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दिगलीपुर से 147 किलोमीटर उत्तर में आया।
भूकंप की तीव्रता
रिक्टर स्केल पर 2.0 से कम तीव्रता वाले भूकंप को माइक्रो कैटेगरी में रखा जाता है और यह भूकंप महसूस नहीं किए जाते। रिक्टर स्केल पर माइक्रो कैटेगरी के 8,000 भूकंप दुनियाभर में रोजाना दर्ज किए जाते हैं। इसी तरह 2.0 से 2.9 तीव्रता वाले भूकंप को माइनर कैटेगरी में रखा जाता है। ऐसे 1,000 भूकंप प्रतिदिन आते हैं इसे भी सामान्य तौर पर हम महसूस नहीं करते। वेरी लाइट कैटेगरी के भूकंप 3.0 से 3.9 तीव्रता वाले होते हैं, जो एक साल में 49,000 बार दर्ज किए जाते हैं। इन्हें महसूस तो किया जाता है लेकिन शायद ही इनसे कोई नुकसान पहुंचता है।
लाइट कैटेगरी के भूकंप 4.0 से 4.9 तीव्रता वाले होते हैं जो पूरी दुनिया में एक साल में करीब 6,200 बार रिक्टर स्केल पर दर्ज किए जाते हैं। इन झटकों को महसूस किया जाता है और इनसे घर के सामान हिलते नजर आते हैं। हालांकि इनसे न के बराबर ही नुकसान होता है।

