- वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने के निर्देश
- लंबित विवेचनाओं का झटपट करना होगा निस्तारण
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर लगातार मातहतों की चूड़ी कस रहे हैं, लिहाजा अपराधों पर काफी हद तक अंकुश लग रहा है। न तो चेन स्नेचिंग हो रही और न ही रोड होल्डप।
ठंड में इस तरह की और अन्य तरह की भी आपराधिक घटनाएं न हों, लिहाजा एसएसपी आकाश तोमर ने मातहतों के साथ क्राइम मीटिंग की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी की कड़ाई का नतीजा है कि अब रात में पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाती हुई हर गली-मोहल्ले में देखी- सुनी जा रही हैं। गश्त भी लगातार जारी रहती है।
कल देर शाम रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें थानों, शाखाओं से आये पुलिस कर्मियों की समस्याओं को भी कप्तान ने ध्यानपूर्वक सुना। उसका निराकरण किया।
एसएसपी ने अपराध गोष्ठी में उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों को लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण शीघ्र निस्तारण, वांछित एवं वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थ एवं शराब बनाने/तस्करों पर पूर्णरूप से अंकुश लगाने को निर्देशित किया।