- बदमाश के कब्जे से लूट में प्रयुक्त बाइक व तमंचा बरामद हुआ
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: किठौर थाना क्षेत्र में देर रात चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लग गयी। घायल बदमाश जुल्फे उर्फ जुल्फेकार को गिरफ्तार कर लिया है। विगत नौ अगस्त को सागर पुत्र जगपाल सिंह निवासी बहसूमा ने सूचना दी थी कि तीन व्यक्ति एक बाइक पर सवार होकर आये और बाइक के सामने अपनी बाइक लगाकर तमंचे से आतंकित करते हुए बैग छीनकर फरार हो गये थे, जिसमें किस्त के इकट्ठे किये हुए 54 हजार रुपये थे।
मामला दर्ज कर लिया गया था। जिसके फलस्वरूप मुकदमा उपरोक्त का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त जुल्फे उर्फ जुल्फेकार पुत्र अजहर अली निवासी गांव जसौरा थाना मुंडाली को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। बदमाश के कब्जे से लूट में प्रयुक्त बाइक व तमंचा बरामद हुआ है। अभियुक्त जुल्फे उर्फ जुल्फेकार ने भागे हुए दूसरे अभियुक्त का नाम जितेन्द्र पुत्र चन्द्रपाल निवासी जसौरा थाना मुंडाली बताया है।
कालू हत्याकांड में चचेरा भाई और भतीजा गिरफ्तार
रोहटा: पुलिस ने शनिवार को शातिर कालू उर्फ वीरेंद्र हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसके चचेरे भाई और भतीजे को जमीन के लालच में हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बता दें कि तीन माह पूर्व 27 मई को गांव चिंदौड़ीखास निवासी शातिर कालू उर्फ वीरेंद्र का गांव के पास स्थित उसके ही नलकूप के अंदर शव पड़ा मिला था। जिसके सिर पर गैस सिलेंडर से वारकर उसकी हत्या की गई थी।
उस समय भी पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे के लिए कई टीम लगाकर घटना का खुलासा करने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस नाकाम रही थी। शनिवार को थाना पुलिस ने कालू के चचेरे भाई अनिल पुत्र विजेंद्र सिंह और विजेंद्र के पुत्र विश्व उर्फ विश्वेंद्र को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया और जब दोनों से थाने में लाकर कड़ाई से पूछताछ की तो पुलिस के अनुसार पिता-पुत्र ने जमीन के लालच में कालू की हत्या करना स्वीकार कर लिया। थाना पुलिस ने दोनों को लिखा पढ़ी के बाद देर शाम जेल भेज दिया।
शादी करने पहुंचे प्रेमी युगल, कोर्ट के बाहर हंगामा
मेरठ: शादी करने पहुंचे प्रेमी युगल से पहले कोर्ट में युवती के परिजन पहुंच गए। उन्होंने वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान हिन्दू संगठन के सचिन सिरोही भी सूचना पर आ गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी वहां आ गयी। प्रेमी युगल शादी नहीं कर सके। बताया जाता है कि जो बीएड पास इस युवती की शादी पांच माह पूर्व हो चुकी है, लेकिन वह पति के नहीं बल्कि अपने मुस्लिम प्रेमी के साथ रहने पर उतारू है। उसका प्रेमी भी उससे दूर होने को तैयार नहीं। हालांकि पुलिस ने दोनों की शादी फिलहाल रुकवा दी है।
वहीं सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि युवती के परिजनों ने पूर्व में प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उसको लेकर हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की बात पुलिस कह रही है। युवती के परिजनों ने हंगामे के दौरान हिन्दूवादी नेता सचिन सिरोही को बुलवा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने लव जिहाद के चलते युवती का ब्रेन वॉश कर दिया है।

