जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: यूरिया खाद न मिलने से नाराज किसानों ने सहकारी गन्ना विकास समिति में जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि एक सप्ताह पूर्व खाद पास करा लिए जाने के बावजूद खाद की पूर्ति नहीं की जा रही है। जिससे उनकी खेती प्रभावित हो रही है।
सोमवार को गन्ना समिति परिसर में हंगामा कर रहे गांव खटोली के किसानों का कहना था कि उनके द्वारा एक सप्ताह पूर्व खाद पास कराया गया था। लेकिन अब समिति कर्मचारी एक महीना बाद खाद देने की बात कह रहे हैं। आरोप है कि समिति के अधिकारी भी दफ्तर में नहीं मिलते हैं। ऐसे में वह किसके पास जाकर अपनी फरियाद सुनाएं। किसानों का कहना था कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों के हित को लेकर जमीनी स्तर पर कार्य करने का दावा कर रही है लेकिन अधिकारी और कर्मचारी सरकार के दावों और इरादों पर पानी फेर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के बाद खाद का वितरण शुरू नहीं किया गया तो वह उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में संजय त्यागी, नीरज त्यागी, बृजेश, राजेंद्र चौधरी, नकुल त्यागी, रामेंद्र आदि शामिल रहे। उधर, समिति के प्रभारी सचिव प्रेमचंद चौरसिया ने बताया कि खाद की कोई किल्लत नहीं है। सभी किसानों को नियमानुसार खाद दिया जा रहा है।

