जनवाणी संवाददाता |
बागपत: गाधी गांव में युवक की हत्या के बाद चल रहे तनाव को लेकर ग्रामीणों ने चीनी मिल में पहुंचकर नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने डीसीओ से गांव में गन्ना क्रय केन्द्र बदलने या नया क्रय केन्द्र खोलने की मांग की। साथ ही मांग के पूरा नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
गाधी गांव के ग्रामीणों का रविवार को भी जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उनके युवक की हत्या कर दी गयी थी और तभी से लेकर वहां तनाव बना हुआ है। गांव में चीनी मिल का जो गन्ना क्रय केन्द्र लगा हुआ वह दूसरे पक्ष की तरफ है और वहां गन्ना डालने के लिए छोटी-छोटी गली से गुजरना पड़ता है, जिससे वहां झगडा होेने का खतरा बना हुआ है।
वह कई बार गन्ना क्रय केन्द्र बदलने या फिर नया क्रय केन्द्र लगाने की मांग कर चुके है, लेकिन अभी तक मांग को पूरा नहीं किया गया है। इससे उनको काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि जब तक उनकी समस्या का हल नहीं होता है वह तब तक धरना समाप्त नहीं करेंगे। इस मौके पर पूर्व प्रधान कुलदीप सिंह, कांशीराम, दयानंद, वीरेन्द्र सिंह, अशोक कुमार, नत्थूराम, महावीर, अमरजीत, कूपा सिंह, धर्मपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

