जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: भले ही कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी दर्ज की गई हो, लेकिन शीत लहर के चलते ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सर्द हवाओं के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक राहत की संभावना नहीं है और नए साल पर भी कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। शीत लहर के प्रभाव से दैनिक कार्यों पर असर पड़ा है।
ठंड और बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों और छोटे व्यापारियों के कार्य लगभग ठप पड़े हैं। सुबह के समय ठंड के साथ धुंध छाई रहने से दृश्यता भी प्रभावित हो रही है। वहीं, ठंड के साथ प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है।
हवा की गुणवत्ता खराब होने से बुजुर्गों, बच्चों और सांस के रोगियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने ठंड और प्रदूषण को देखते हुए लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने तथा गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर रहने के कारण फिलहाल ठंड से राहत के संकेत नहीं हैं और आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है।

