जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: गोवा की पूर्व राज्यपाल और प्रतिष्ठित साहित्यकार मृदुला सिन्हा का बुधवार को निधन हो गया। वह 77 बरस की थीं। 27 नवंबर 1942 को बिहार के मुजफ्फरपुर में जन्मी मृदुला सिन्हा शुरू से जनसंघ से जुड़ी रही हैं। उनकी गिनती बीजेपी के प्रभावी नेताओं में की जाती थी। वह एक सफल राजनीतिज्ञ के अलावा एक सफल लेखिका भी रहीं हैं। मृदुला सिन्हा गोवा की पहली महिला राज्यपाल थीं। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के नेताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
Smt. Mridula Sinha Ji will be remembered for her efforts towards public service. She was also a proficient writer, making extensive contributions to the world of literature as well as culture. Anguished by her demise. Condolences to her family and admirers. Om Shanti. pic.twitter.com/EmYWcFEb5g
— Narendra Modi (@narendramodi) November 18, 2020
पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मृदुला सिन्हा जी को जनता की सेवा के लिए उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। वह एक कुशल लेखिका भी थीं, जिन्होंने साहित्य के साथ-साथ संस्कृति की दुनिया में भी व्यापक योगदान दिया। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।’
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- मृदुला सिन्हा जी का निधन बहुत दुःखद है
गोवा की पूर्व राज्यपाल व वरिष्ठ भाजपा नेता मृदुला सिन्हा जी का निधन बहुत दुःखद है। उन्होंने जीवन पर्यन्त राष्ट्र, समाज और संगठन के लिए काम किया। वह एक निपुण लेखिका भी थी, जिन्हें उनके लेखन के लिए भी सदैव याद किया जाएगा। उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ॐ शान्ति
— Amit Shah (@AmitShah) November 18, 2020
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘गोवा की पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता मृदुला सिन्हा जी का निधन बहुत दुःखद है। उन्होंने जीवन पर्यन्त राष्ट्र, समाज और संगठन के लिए काम किया। वह एक निपुण लेखिका भी थी, जिन्हें उनके लेखन के लिए भी सदैव याद किया जाएगा। उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ॐ शान्ति।’
मृदुला सिन्हा जी का निधन भाजपा परिवार के लिए एक अपूर्णीय क्षति- गिरिराज सिंह
बिहार के बेगुसराय से भाजपा से सांसद गिरिराज सिंह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ‘गोवा की पूर्व राज्यपाल, प्रख्यात साहित्यकार एवं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री मृदुला सिन्हा जी के निधन से मन व्यथित है। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। हमारे माथे पर से एक आशीर्वाद उठ गया। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दें।’
नीतीश कुमार से लेकर तेजस्वी तक, इन हस्तियों ने जताया शोक
भारतीय जनता पार्टी नेता और गोवा की पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा के निधन पर बुधवार को बिहार के राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद नेता तेजस्वी यादव सहित कई मंत्रियों एवं नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके निधन से सामाजिक, राजनीतिक एवं साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
बिहार के राज्यपाल चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा कि गोवा की पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा बिहार की एक ख्यातिप्राप्त विदुषी और महिला नेता थीं । उनके निधन से बिहार प्रदेश को ही नहीं बल्कि पूर भारतवर्ष के राजनीतिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने कहा कि सिन्हा एक गंभीर चिंतक, लोक साहित्य एवं संस्कृति की मर्मज्ञ और लोकप्रिय महिला नेता थीं जिन्हें समाज के सभी वर्गो का सम्मान प्राप्त था। राज्यपाल ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति एवं परिजनों को धैर्य प्रदान करने की शक्ति प्रदान करें।
अविस्मरणीय था सिन्हा का कार्यकाल
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृदुला सिन्हा के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि वह प्रख्यात लेखिका और कुशल प्रशासक थीं तथा उन्होंने विभिन्न विषयों पर दर्जनों पुस्तकों की रचना की। गोवा की राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल अविस्मरणीय था। उन्होंने कहा कि मृदुला सिन्हा के निधन से उन्हें काफी दुख पहुंचा है और उनके निधन से सामाजिक, राजनीतिक एवं साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया कि गोवा की पूर्व राज्यपाल एवं लेखिका आदरणीया श्रीमती मृदुला सिन्हा जी के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि उनको भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
भाजपा नेता एवं बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि मृदुला सिन्हा का निधन बहुत दुःखद है। उन्होंने जीवनपर्यन्त राष्ट्र, समाज और संगठन के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि वह एक निपुण लेखिका भी थीं, जिन्हें उनके लेखन के लिए भी सदैव याद किया जाएगा।
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें: रेणु
उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि प्रख्यात साहित्यकार, गोवा की पूर्व राज्यपाल, मेरी अभिभावक आदरणीया मृदुला सिन्हा के निधन की दुखद खबर से अत्यंत मर्माहत हूं। उन्होंने कहा कि उनका निधन देश के साहित्य और राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।
बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने ट्वीट किया कि पूर्व राज्यपाल व प्रख्यात शिक्षाविद मृदुला सिन्हा जी के निधन की खबर से मर्माहत हूं। मृदुला जी मेरी माता जी की बचपन की सहेली थीं, उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति के समान है।
उन्होंने कहा कि ईश्वर उन्हें मोक्ष प्रदान करें व शोकसंतप्त परिजनों को इस वेदना को सहने की शक्ति प्रदान करें। मृदुला सिन्हा का बुधवार को 77 साल की उम्र में दिल्ली में निधन हो गया। उनका जन्म 27 नवंबर 1942 को बिहार के मुजफ्फरपुर में हुआ था।

