- अंतिम समय आरोपी के अधिवक्ता ने सरेंडर प्रार्थना पत्र लिया वापस
- मैनेजर पर खाते में 5 लाख रुपये जमा नहीं कराने का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: मंगलवार को पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व मैनेजर अंकुश शर्मा ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अपने अधिवक्ता के माध्यम से सरेंडर प्रार्थना पत्र दाखिल किया। इस दौरान आरोपी मैनेजर को कोर्ट में बैठा लिया गया। मैनेजर के विरूद्ध 8 मार्च 2022 को कैराना के मोहल्ला अंसारियान स्थित मैसर्स दाऊद एवं किरयाना स्टोर के मालिक दाऊद अली ने रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि जून 2021 को उसने मैनेजर अंकुश शर्मा को खाते में जमा कराने के लिए 5 लाख रुपए दिए थे। मैनेजर ने कहा था कि उसका खाता बंद चल रहा है।
वह 8 दिन में खाता चालू करके उसमे रुपए जमा कर देगा। आरोपी ने एक स्टांप पर 5 लाख जमा की रसीद लिख कर दी थी, लेकिन न तो उसका खाता चालू हुआ और न ही खाते में रुपए जमा हुए। 19 जुलाई 2021 को आरोपी का हरियाणा के सोनीपत में ट्रांसफर हो गया। हरियाणा जाने के बाद आरोपी ने उसके रुपए वापस करने से इंकार कर दिया और फोन पर धमकी देने लगा।
इसके अलावा 4 मई 2022 को भी अकबर अब्बास जैदी ने मैनेजर अंकुश शर्मा सहित 5 आरोपियों के खिलाफ लाखो की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। वही कोर्ट द्वारा जेल भेजे जाने के डर से मैनेजर के अधिवक्ता ने दोपहर करीब 3 बजे अदालत से सरेंडर प्रार्थनापत्र वापस ले लिया। जिसके बाद पूर्व मैनेजर वहां से चला गया।

