- उप्र माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश प्रजापति ने दिए निर्देश
- कहा, प्लास्टिक को त्यागकर मिट्टी के बर्तनों का करें इस्तेमाल
जनवाणी संवाददाता |
शामली: उप्र माटी कला बोर्ड के ओमप्रकाश गोला प्रजापति की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में माटी कला से जुडे कामगारों को आवंटित पट्टों की वस्तुस्थिति, उनकी संख्या तथा उन पर हुए अवैध कब्जों की समीक्षा की। बोर्ड अध्यक्ष ने माटी कला टूल-किट्स वितरण योजना, मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना, माटी कला कौशल विकास योजना, माइक्रो माटी कला कमन फैसेलिटी सेंटर योजना, माटी कला विपणन विकास सहायता एवं प्रचार-प्रसार योजना तथा माटी कला पुरस्कार योजना की बिंदुवार समीक्षा की।
इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी प्रदीप कुमार ने अवगत कराया कि माटी कला टूल किट्स वितरण में 30 का लक्ष्य है जिसका चयन कर लिया गया है। मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना के तहत 04 ईकाइयों को लोन दिलाया जाना है, जिसके सापेक्ष 02 इकाइयों का स्वीकृत हो गया है। माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ने जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी को माटी कला समिति का गठन करने के निर्देश दिए। साथ ही, समस्त एसडीएम को मांग के अनुसार अधिक से अधिक पट्टे आवंटित करने और अवैध कब्जे हटवाने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन से मिट्टी के कामगारों को विपणन के लिए नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराने की भी अपील की जिस पर वे अपने उत्पादों की बिक्री एवं प्रदर्शनी कर सकें।
बैठक में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला प्रजापति ने पीएमईजीपी योजना के 02 लाभार्थी राहुल कुमार लिलौन को रेडीमेड वस्त्र निर्माण व जनाब अली खंद्रावली को काष्ठ कला के लिए 10-10 लाख का चेक वितरण किया। प्रत्येक तहसील से जुड़े माटी कला के दो -दो कामगारों को पट्टा आवंटन के प्रमाण पत्र वितरित किए।
बैठक में भाजपा जिलायक्ष सतेन्द्र तोमर, मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, एसडीएम शामली विशु राजा, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी प्रदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।