जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: गुरुवार को सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। सोना 660 रुपये सस्ता होकर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1,200 रुपये घटकर 2.62 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
हालांकि, एमसीएक्स पर तस्वीर अलग रही। यहां चांदी की कीमतों में 4 प्रतिशत की तेजी देखी गई और यह 2.62 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोना 1,957 रुपये की बढ़त के साथ 1.25 प्रतिशत चढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
घरेलू बाजार में एक दिन पहले बुधवार को चांदी 4,000 रुपये उछलकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी। सोने के दाम भी मजबूत रहे और यह 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार निकल गया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड मामूली गिरावट के साथ 5,080 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि स्पॉट सिल्वर 2 प्रतिशत फिसलकर 82.2 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमेरिकी श्रम बाजार के मजबूत आंकड़ों के बाद एशियाई कारोबार के दौरान कीमती धातुओं में हल्की कमजोरी देखी गई। मजबूत जॉब डेटा से संकेत मिलता है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती नहीं कर सकता, जिससे सोने-चांदी पर दबाव बना हुआ है।
सोना अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर 5,608.35 डॉलर प्रति औंस से अब तक 10.4 प्रतिशत नीचे आ चुका है। वहीं चांदी अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 121.67 डॉलर प्रति औंस से करीब 48 प्रतिशत नीचे बनी हुई है।
इससे पहले 30 जनवरी और 2 फरवरी को भी सोने में लगातार दो सत्रों तक तेज गिरावट देखी गई थी। यह गिरावट उस समय आई थी जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के चेयर पद के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा की थी। हालिया गिरावट के बावजूद, भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच इस साल अब तक सोना करीब 17.5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज कर चुका है।

