जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: एअर इंडिया के विमान हादसे की जांच जारी है। इस बीच, इटली के मीडिया में एक बड़ा दावा सामने आया है। इटैलियन समाचार पत्र की बुधवार की रिपोर्ट में पश्चिमी एविएशन एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के हवाले बताया गया है कि भारतीय जांचकर्ता अपनी अंतिम रिपोर्ट में विमान हादसे की वजह पायलट द्वारा जानबूझकर फ्यूल स्विच बंद करने को मान रहे हैं।
कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग पर आधारित दावा
रिपोर्ट के अनुसार, विमान में कोई तकनीकी खामी नहीं मिली और वॉयस रिकॉर्डिंग के आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि पायलट ने ही फ्यूल स्विच बंद किए। हालांकि, भारतीय एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस दावे पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और न ही इसकी पुष्टि की गई है।
रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं किया गया कि पायलट ने स्विच किन परिस्थितियों में बंद किए। इसमें मुख्य संदिग्ध के तौर पर विमान के कमांडर सुमित सभरवाल का नाम सामने आया है, जो हादसे में मृत हो चुके थे। भारतीय पायलट एसोसिएशन और सभरवाल के परिवार ने इस दावे को पहले ही खारिज किया है और कहा है कि पायलट पर जिम्मेदारी डालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने विमान निर्माता कंपनी, एयरलाइन और अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच की मांग की है।
ब्लैक बॉक्स जांच और विशेषज्ञों की टिप्पणियाँ
दिसंबर में भारतीय जांचकर्ता वॉशिंगटन गए थे, जहां उन्होंने विमान के ब्लैक बॉक्स की जांच की। इस दौरान विशेष ध्यान वॉयस रिकॉर्डिंग पर था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस आधार पर दावा किया गया कि पायलट ने जानबूझकर फ्यूल स्विच बंद किए। अमेरिकी विशेषज्ञों के मुताबिक, बोइंग 787 में दोनों इंजन एक साथ बंद होना सामान्य नहीं है और यह केवल जानबूझकर या दुर्घटना की स्थिति में संभव है।
जांच में पता चला कि पहले बांया इंजन बंद हुआ और फिर दांया। कॉकपिट में बांयी तरफ कैप्टन सुमित सभरवाल और दांयी तरफ कैप्टन क्लाइव कुंदर थे। वॉयस रिकॉर्डर में सुना गया कि एक पायलट ने पूछा, “तुमने इंजन बंद क्यों किए?” और दूसरे ने जवाब दिया, “मैंने नहीं किए।”
हादसे का विवरण
एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान 12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 260 लोगों की मौत हुई, जिनमें 242 यात्री और क्रू मेंबर और मेडिकल हॉस्टल के 19 लोग शामिल थे। विमान टेक ऑफ के 32 सेकंड बाद ही क्रैश होकर मेडिकल हॉस्टल की बिल्डिंग पर गिर गया।

