- पीड़ित किराएदार ने की पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाही करने की मांग
- दुकान स्वामिनी ने किराएदार पर लगाए अभद्रता के गंभीर आरोप
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: नगर के निकटवर्ती क्षेत्र आदर्शनगर में एक किराएदार ने दुकान स्वामी पर ताले तोड़कर दुकान का सामान बाहर फेंक देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं दुकान मालकिन का कहना है किराया मांगने पर दुकानदार ने परिवार की महिला के साथ अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया।
आदर्शनगर में गली संख्या बी-6 निवासी बीरबल पुत्र रामप्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि सुबह साढ़े सात बजे वह अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचा था। जहां उसने पाया कि दुकान स्वामी संजय पुत्र सोमप्रकाश उसकी मां दुलारी व पत्नी बेबी ने दुकान के ताले तोड़कर उसकी दुकान में रखा प्रिंटर, सीपीयू, लैपटाप व जनरल स्टोर का सामान सड़क पर पर फेंक दिया। जनरल स्टोर का कुछ सामान चोरी भी कर लिया।
इस मामले में पूछने पर संजय ने कहा कि हमने तेरा सामान फेंका है। साथ ही गंदी-गंदी गालियां देते हुए उसने पुलिस के पास जाने पर जान से मार देने की धमकी दी है। बीरबल ने तहरीर में यह भी कहा है कि उसने दुकान स्वामी को किराए की धनराशि का मनीआर्डर भी किया था।
उसने थाना प्रभारी के नाम तहरीर आदर्शनगर पुलिस चौकी पर देते हुए कार्यवाही की मांग की है। वहीं दुकान स्वामिनी दुलारी ने किराएदार पर अभद्र व्यवहार करने घर की महिला के कपड़े फाड़ने के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

