- अनेक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा, जलपान की व्यवस्था
जनवाणी संवाददाता |
शामली: संत नामदेव महाराज की 752वीं जयंती के अवसर पर शांति, समता, बंधुत्व एवं भगवत धर्म प्रचार-प्रसार के लिए संत नामदेव महाराज के जन्म स्थान पंढरपुर महाराष्ट्र से भारत भ्रमण करती हुई भव्य रथयात्रा मंगलवार को शामली पहुंची। जिसका शहर में अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा कर एवं जलपान भेंट कर स्वागत किया गया।
मंगलवार को सर्वप्रथम रथयात्रा झिंझाना रोड पर आरके डिग्री कॉलेज के गेट पर पहुंची जहां पर नामदेव समाज ने उत्साह के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। महाराष्ट्र के पंढरपुर से आए सभी लोगों का फूल मालाएं व पटका पहना कर स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा ढोल नगाड़ों एवं भजन कीर्तन करते हुए शामली नगर परिक्रमा के लिए रवाना हुई। यह यात्रा झिंझाना रोड से होते हुए विजय चौक, फव्वारा चौक, कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार तथा मेन रोड से होते हुए हनुमान धाम स्थित नामदेव मंदिर पहुंची।
इस यात्रा के साथ पंढरपुर से संत नामदेव जी की चरण पादुकाएं भी लाई गई। जो कि इस यात्रा का विशेष आकर्षण रही। सभी श्रद्धालुओं ने संत नामदेव महाराज की चरण पादुकाओं को स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। हनुमान सेवा मंडल, लक्ष्मी ग्लास स्टोर, नेहरू पुस्तक भंडार, शास्त्री स्वीट्स, संकल्प शिक्षा सेवा समिति, महर्षि वाल्मीकि जन कल्याण समिति, पूर्व चेयरमैन अरविंद संगल, विशाल गुप्ता आदि ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।

