Home Uttar Pradesh News Saharanpur हाथरस की घटना को लेकर सहारनपुर में उबाल

हाथरस की घटना को लेकर सहारनपुर में उबाल

0
हाथरस की घटना को लेकर सहारनपुर में उबाल
  • घटना के विरोध में वाल्मीकि समाज का घंटाघर पर प्रदर्शन
  • दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग

जनवाणी संवादाता |

सहारनपुर: हाथरस की घटना से आक्रोशित वाल्मीकि समाज के लोगों ने घंटाघर पर गुरुवार सुबह जाम लगा दिया। हजारों की संख्या में एकत्र महिला और पुरुषों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

वाल्मीकि समाज ने पीड़िता के परिजनों को एक करोड़ की सरकारी सहायता, दोषियों को फांसी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। हंगामे को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। काफी देर की मशक्कत के बाद हालात सामान्य हुए।

अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के प्रदेश महासचिव सोनी आजाद के नेतृत्व में गुरुवार को सुबह करीब 11:00 बजे नगर निगम परिसर में जमा हुए वाल्मीकि समाज के लोग नारेबाजी करते हुए घंटाघर पर पहुंचे। सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरुषों ने घंटाघर पर मानव श्रृंखला बनाकर जाम लगा दिया।

इस मौके पर वाल्मीकि समाज के वरिष्ठ नेता सोनी आजाद ने कहा कि हाथरस में दबंगों द्वारा वाल्मीकि समाज की लड़की पर जुल्म ढाया गया। पीड़िता की उपचार के दौरान मौत हो गई।उन्होंने आरोप लगाया कि हाथरस का प्रशासन अपने आकाओं के दबाव में है। उत्तर प्रदेश में दलितों पर जुल्म की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।

दलित समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, सुरक्षा और असलाह लाइसेंस प्रदान करे। वाल्मीकि समाज के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पहले से ही सुरक्षा बल नगर निगम, कुतबशेर चौक और घंटाघर पर तैनात था।

वाल्मीकि समाज द्वारा घंटाघर पर जाम व प्रदर्शन किये जाने के चलते काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। वाल्मीकि समाज के लोग दोषियों को फांसी की मांग के लिए नारेबाजी कर रहे थे। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लेकर जाम खुलवाया।