जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सांस्कृतिक समिति विभावरी द्वारा मोक्षायतन योग संस्थान, बेरी बाग में हिंदी दिवस के अवसर पर एक भव्य साहित्यिक समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर साहित्य और समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली दो विभूतियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित हस्तियां
मुजफ्फरनगर से आए वरिष्ठ साहित्यकार डा. ब्रजेश कुमार मिश्र को ‘साहित्य सागर’ सम्मान और सहारनपुर के प्रख्यात गुर्दा एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डा. शरद अग्रवाल को ‘हिंदी हंस’ सम्मान से विभूषित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता योग गुरु पद्मश्री डा. भारत भूषण ने की और संचालन संस्था के सचिव डा. विजेंद्र पाल शर्मा ने किया। संजीव झिंगरन की सरस्वती वंदना से शुरू हुए इस आयोजन में मुजफ्फरनगर से सुशीला शर्मा, रुड़की से पंकज गर्ग और महावीर सिंह ‘वीर’, देहरादून से सत्य प्रकाश शर्मा ‘सत्य’ और विकास नगर से पवन कुमार शर्मा ने अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।डा. आर. पी. सारस्वत ने डा. ब्रजेश कुमार मिश्र का और आदेश कुमार ने डा. शरद अग्रवाल का परिचय प्रस्तुत किया।
अपने सम्मान के अवसर पर ब्रजेश मिश्र ने कहा कि हिंदी ही वह भाषा है जिसमें लिखा गया साहित्य भारत के मानस को गहराई से छूता है। उन्होंने अपने कई गीत भी सुनाए।पद्मश्री भारत भूषण ने हाइकु सुनाए और कहा कि विभावरी हिंदी के प्रति पूर्ण समर्पण से कार्य कर रही है और दिन-प्रतिदिन इसकी पहचान मजबूत हो रही है।डा. शरद अग्रवाल ने छात्र जीवन से जुड़ी हिंदी की अनेक स्मृतियों को साझा किया और कार्यक्रम की सराहना की।समारोह में बड़ी संख्या में श्रोतागण मौजूद रहे और कविताओं का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम को विभावरी के अध्यक्ष डा. राम विनय शर्मा ने भी संबोधित किया।इस अवसर पर हरिराम पथिक, मथुरिमा मिश्र, डा. पी. के. शर्मा, डा. राम शब्द सिंह, डा. अनिल कुमार, डा. बृजमोहन द्विवेदी सहित अनेक साहित्यप्रेमी और समाजसेवी उपस्थित रहे।

