- कार्यकर्ताओं ने वेबसीरीज व फिल्म निर्माताओं पर कार्रवाई करने की केंद्र सरकार से की मांग
जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: हिंदू युवा वाहिनी ने हाल ही में वेबसीरीज तांडव के माध्यम से भगवान शिव एवं भगवान राम का वेश धारण करके हिंदू धर्म के बारे में अपशब्दों का इस्तेमाल करने के विरोध में पुतला फूंक कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया की अभिव्यक्ति की आजादी के नाम वेबसीरीज व फिल्म का निर्माण कर हिंदू धर्म का अपमान किया जा रहा है।
हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता मंगलवार को मंडल प्रमुख डा.एनपी सिंह के आवास पर एकत्र हुए। कार्यकर्ता फिल्म निर्माताओं के विरोध में नारेबाजी करते हुए सुभाष चौक पहुंचे। सुभाष चौक पर कार्यकर्ताओं ने हिंदुओं की भावनाओं के साथ कुठाराघात करने वालों का पुतला फूंका।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौपा। ज्ञापन में कहा की फिल्म निर्माता वेब सीरीज व फिल्मों के नाम पर हिंदू धर्म के देवी-देवताओं का अपमान करते आ रहे हैं। इससे जातियों के बीच गहरी खाई पैदा कर जातीय उन्माद फैलाने की कोशिश रहती है।
क्रिएटिविटी के नाम पर आजादी का इस्तेमाल सिर्फ और सिर्फ हिंदू धर्म को बदनाम करने का सोचा समझा षड्यंत्र चल रहा है। इसे देश विरोधी ताकते योजनाबद्ध तरीके से चला रही है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में अनिल कुमार जिला संयोजक, मनोज चौहान नगर अध्यक्ष, हर्ष, टिंकू, अभिषेक, राहुल, दीपक गुप्ता, सचिन आदि रहे।

