जनवाणी संवाददाता |
शामली: रविवार की रात को बाइक सवार होमगार्ड की कार की टक्कर लगने से हुई मौत के मामले में मृतक होमगार्ड के बेटे ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कैराना के गांव बुच्चाखेडी निवासी 45 वर्षीय होमगार्ड बाबूराम रविवार की रात करीब साढे 9 बजे गांव बुच्चाखेड़ी बाबूराम अपनी बाइक से गांव पंजीठ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में ड्यूटी करने जा रहा था।
तभी गांव पंजीठ से पहले एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल को कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।
जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पंचनामा भरकर होमगार्ड का पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह ने बताया कि मृतक होमगार्ड के बेटे नीरज ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया हैं। मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई।