Friday, March 6, 2026
- Advertisement -

आनर किलिंग! प्रेमी-प्रेमिका के गोली लगे शव मिले

  • घर की रसोई में मिले युवक-युवती के रक्तरंजित शव
  • युवक के परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: थाना भावनपुर के पंचगांव पट्टी अमरसिंहपुर में सोमवार तड़के प्रेमिका के घर की किचन में प्रेमी व प्रेमिका के गोली लगे शव बरामद हुए। प्रेमी युगल के गोली मिले शव मिलने से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, दूसरी ओर मामले को हत्या व आत्महत्या के अलावा प्रेमी युगल की आॅनर किलिंग के एंगल से भी देखा जा रहा है। सूचना पर एसपी देहात व सीओ सदर देहात समेत पुलिस फोर्स तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कह रही है। हालांकि प्रेमी के परिजनों ने प्रेमिका के परिवार पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

पंचगांव पट्टी में जयभगवान का परिवार रहता है। घर में तड़के करीब दो बजे जयभगवान की बेटी विधि व उसके प्रेमी बताए जा रहे मनीष पुत्र श्रीचंद का गोली मिला शव बरामद हुआ है। युवती के परिजनों का आरोप है कि विधि की हत्या कर मनीष ने खुद को गोली मारकर जान दे दी, जबकि मनीष के परिजनों का आरोप है कि युवती ने कॉल कर उसको बुलाया था। वह दवाई देने जाने की बात कहकर घर से निकला था।

वहां दोनों को एक साथ देखकर युवती के परिवार वालों ने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। मनीष के परिवार को उसकी मौत की जानकारी युवती के पड़ोस में रहने वाले एक अन्य युवक वीरेन्द्र के जरिये मिली। वीरेन्द्र ने मृतक के चचेरे भाई हिमांशु पुत्र बिजेन्द्र को मनीष की हत्या की खबर दी। उसके बाद हिमांशु ने शिवम को कॉल कर घर के बाहर आने को कहा। जब शिवम घर के बाहर आया तो हिमांशु ने उसको बताया कि विधि के घर वालों ने मनीष को मार दिया है।

शिवम ने बताया कि भाई की हत्या की खबर मिलने पर वह सीधे युवती के घर जा पहुंचा। वहां विधि व मनीष के शव पड़े थे। उसने यह भी बताया कि उसको देखकर युवती के परिजनों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। विधि व मनीष को गोली मारे जाने की खबर पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गयी।

सूचना पर एसपी देहात कमेलश बहादुर, सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला, एसओ भावनपुर संतोष के अलावा सर्किल के दूसरे थानों की फोर्स व फोरेंसिक टीम भी पहुंच गयी। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिए। पुलिस ने प्रेमी युगल के मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए हैं। बताया गया है कि मनीष का पड़ोस में रहने वाली युवती से उसका दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

मनीष की शादी 15 जुलाई हो होना तय हुआ था, लेकिन वह परिवार द्वारा तय किए गए रिश्ते से संतुष्ट नहीं था। इसके चलते मनीष ने प्रेमिका के साथ भागने का प्लान बनाया था। मृतक की जेब से युवती का आधार कार्ड भी मिला। वहीं, इस संबंध में एसपी देहात कमलेश बहादुर सिंह ने बताया कि देर रात वारदात की सूचना मिली थी। शव पोस्टमार्टम को भेज दिए गए हैं। गांव में प्रेम प्रसंग की भी चर्चा है। सभी पहलुओं की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

मोबाइल में छिपा है वारदात का राज

विधि व मनीष के मोबाइल पुलिस के कब्जे में है। पुलिस का कहना है कि दोनों के मोबाइल में वारदात का राज छिपा हो सकता है। विधि व मनीष के मोबाइल की कॉल डिटल निकलवाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जब तक कॉल डिटेल आएगी तब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ जाएगी।

हत्या कर आत्महत्या का आरोप

पूछताछ में मृतका विधि की बहन दीपा ने पुलिस को बताया कि देर रात वह पानी लेने के लिए किचन में आयी थी। उसने देखा कि मनीष ने उसकी बहन की कनपटी पर तमंचा लगाया हुआ है। उसको देखकर विधि को गोली मार दी। उसके बाद मनीष ने खुद को भी गोली मार कर जान दे दी।

मनीष के भाई ने लगाया आॅनर किलिंग का आरोप

गांव में मेडिकल स्टोर चलाने वाले मृतक मनीष के भाई शिवम का आरोप है कि उसके भाई को विधि ने कॉल कर अपने घर बुलाया था। दोनों जब किचन में थे तो युवती के परिजनों ने उन्हें देख लिया और दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। उसने बताया कि मनीष दवाई देने जाने की बात कहकर घर से निकला था।

ये है मनीष और विधि का परिवार

श्रीचंद के छह बच्चे हैं, इनमें तीन बेटे व तीन बेटियां हैं। भाइयों में गौरव, मनीष व शिवा के अलावा अलका, नेहा, मीनाक्षी शामिल हैं। गौरव व शिवा फोटोग्राफी करते हैं। तीन में दो बहनें अलका व नेहा की शादी हो चुकी है। मनीष ने माछरा कालेज से बीएससी की है। वह गांव में मेडिकल स्टोर चलाता था। मृतका के पिता जयभगवान के दो बेटे शिवम, विधि (मृतका) दीपा व देव तथा मां रेखा है।

मां ने लगाया हत्या का आरोप

मनीष की उसकी प्रेमिका के घर पर गोली लगने से मौत की जानकारी मिलते ही उसकी मां विमला ने रोते-बिलखते हुए आरोप लगाया कि उसके बेटे को पड़ोस में रहने वाली विधि ने दवा लाने के बहाने अपने घर पर बुलाया। जहां उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि उसके बेटे की 15 जुलाई को गोलाबढ़ थाना रोहटा निवासी युवती के साथ शादी होनी थी।

दो मौतों के बाद भी भाग रहे मुकदमे से

युवक-युवती की गोली मारकर हत्या की वारदात को कई घंटे बीत चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी एक लाइन की लिखा-पढ़ी इस मामले में नहीं की गयी है। रविवार देर रात करीब दो बजे अंजाम दी गयी वारदात को लेकर इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी ने रात 12 बजे जानकारी दी कि अभी तक इस मामले में अभी कोई लिखा-पढ़ी नहीं की गयी है।

उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने थाने पर तहरीर तो दी है, लेकिन यह भी कहा है कि मुकदमा तभी दर्ज किया जाए, जब दूसरे पक्ष की तहरीर पर कोई लिखा-पढ़ी की जाए। फिलहाल दोनों में से कोई भी पक्ष वारदात को लेकर अब लिखा-पढ़ी के पक्ष में नहीं है। वहीं, दूसरी ओर युवक का अंतिम संस्कार गांव में ही कर दिया गया है, जबकि युवती का अंतिम संस्कार ब्रजघाट पर किया गया।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

बच्चों को भी देना चाहिए सम्मान

सिद्धार्थ ताबिश मेरा बड़ा बेटा इस बात को सुनकर बड़ा...

युद्ध का सीजन बारहों महीना

जो युद्ध के कारोबारी हैं, उनका सीजन बारहों महीना...

मध्य पूर्व के सतत झगड़े के वैश्विक निहितार्थ

मध्यपूर्व जिसे भारत के संदर्भ में पश्चिमी एशिया कहा...

नीतीश युग का अवसान

बिहार की राजनीति लंबे समय से व्यक्तित्व-केन्द्रित और गठबंधन-आधारित...
spot_imgspot_img