
दिल्ली के प्रगति मैदान में बुधवार को विश्व-स्तरीय सभागार एवं प्रदर्शनी केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लुटियन दिल्ली के बाबुओं और शहर की प्रमुख हस्तियों को संबोधित करते हुए अपने दो कार्यकाल के दौरान देश की आर्थिक उन्नति की रंगीन तस्वीर पेश की है, जिसे देश के हर नागरिक को अवश्य जानना ही नहीं चाहिए, बल्कि अपनी ठोस राय भी रखनी चाहिए। पीएम मोदी के अनुसार विश्व अर्थव्यवस्था की निराशाजनक तस्वीर के बीच भारत के बारे में बेहद आशाजनक बातें की जा रही हैं। दुनिया भारत को बेहद आशा भरी निगाहों से देख रही है। उनका एक-एक शब्द किसी सेल्फ-हेल्प गुरु से कम नहीं था। पीएम मोदी के शब्दों में, ‘दुनिया का सबसे बड़ा जब मैं कहता हूं, तो मतलब है दुनिया का सबसे बड़ा, तो दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम ‘युगे युगीन भारत’ भी भारत में बनने जा रहा है। हमेशा बड़ा सोचो, बड़े लक्ष्य हासिल करने की सोचो। थिंक बिग, एक्ट बिग।’