- मंडलायुक्त ने शिक्षा विभाग के अफसरों को दिए निर्देश
जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: मंडलायुक्त लोकेश एम ने मंडल के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विद्युत विभाग तथा पंचायती राज विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सभी विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बच्चों के नामांकन की संख्या को बढ़ाया जाए।
इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रत्येक सोमवार रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे कि इस सप्ताह उन्होंने कितने ऐसे बच्चों को विद्यालय में प्रवेश कराया जो विद्यालय नहीं जा रहे थे। या स्कूल से ड्राप आउट करने का कारण से जिन्होंने विद्यालय छोड़ दिया था।
लोकेश एम. सोमवार को अपने कार्यालय में वर्चुअल माध्यम से मिशन प्रेरणा के अनुश्रवण एवं समीक्षा के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में मिड डे मिल शेड और हैण्ड वॉश का उचित प्रबन्ध किया जाए। प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की कमी को तत्काल दूर किया जाए। उन्होने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम पाए जाने पर उसके कारणों का पता लगाया जाए और बच्चों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

