जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारत ने एक बार फिर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। टी20 प्रारूप में खेले गए 2025 एशिया कप के फाइनल में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और खिताब पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रन पर समेट दिया। जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 150 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। जीत का चौका रिंकू सिंह ने लगाकर भारतीय खेमे में जश्न का माहौल पैदा कर दिया।
तिलक वर्मा बने हीरो
भारतीय पारी के संकटमोचक बने तिलक वर्मा, जिन्होंने दबाव भरे माहौल में संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 69 रन (53 गेंद, 3 चौके, 4 छक्के) बनाए। जब भारत ने शुरुआती 6 ओवरों में 3 विकेट गंवा दिए थे, तब तिलक ने मोर्चा संभाला।
भारत की खराब शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। जहां अभिषेक शर्मा (5 रन),शुभमन गिल (14 रन),कप्तान सूर्यकुमार यादव (1 रन) — तीनों पावरप्ले में आउट होकर पवेलियन लौट गए।कुल स्कोर उस वक्त सिर्फ 20 रन था और भारत गहरे संकट में था।
संजू सैमसन और तिलक की साझेदारी
इस मुश्किल समय में तिलक वर्मा को मिला संजू सैमसन का साथ। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 57 रनों की अहम साझेदारी की। सैमसन ने 24 रन बनाए लेकिन साझेदारी से भारत को स्थिरता मिली।
शिवम दुबे का योगदान
77 रन पर चार विकेट गिरने के बाद शिवम दुबे क्रीज पर आए और तिलक के साथ 40+ रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब ले गए। दुबे ने 22 गेंदों में 33 रन बनाए। अंत में जब सात गेंदों पर 10 रन चाहिए थे, तब वह आउट हो गए।
रिंकू सिंह का फिनिशिंग टच
मैच के आखिरी ओवर में रिंकू सिंह ने हारिस रऊफ की चौथी गेंद पर चौका लगाकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई। यह रिंकू का इस टूर्नामेंट में पहला मैच था और उन्होंने मौके का शानदार फायदा उठाया।
कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और पाकिस्तान को 146 रन पर ऑलआउट कर दिया। कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल को 2-2 विकेट मिले।
पाकिस्तान की पारी
साहिबजादा फरहान (57 रन) और फखर जमां (46 रन) ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन मध्यक्रम पूरी तरह धराशायी हो गया।
पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके।
तीन बल्लेबाज (हारिस, शाहीन, फहीम) तो खाता भी नहीं खोल सके।
भारत की टूर्नामेंट में तीसरी लगातार जीत पाकिस्तान पर
इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार हराया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पूरे टूर्नामेंट में दबदबा बनाए रखा।
ड्रेसिंग रूम में जश्न
जैसे ही रिंकू ने जीत का चौका लगाया, ड्रेसिंग रूम में गौतम गंभीर समेत सभी खिलाड़ियों ने खुशी में झूमना शुरू कर दिया। मैदान और स्टैंड्स में मौजूद भारतीय दर्शकों ने भी ऐतिहासिक जीत का भरपूर आनंद उठाया।
बता दें कि, भारत ने न सिर्फ एशिया कप का खिताब जीता, बल्कि एक बार फिर यह साबित किया कि दबाव के क्षणों में टीम इंडिया अपने जज्बे और हुनर से किसी भी चुनौती को पार कर सकती है। तिलक वर्मा की पारी और गेंदबाजों की मेहनत इस जीत की असली नींव रहे।

