जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर शनिवार को मुंबई से आई इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-824 में लैंडिंग के दौरान तकनीकी दिक्कत आ गई। पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए लैंडिंग बीच में रोक दी और विमान को दोबारा आसमान में ले जाकर करीब 20 मिनट तक चक्कर लगाता रहा।
फ्लाइट में कुल 215 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। जब विमान सुरक्षित रूप से दोबारा रनवे पर उतरा, तब दोनों दरवाजे लॉक हो जाने के कारण यात्रियों में अफरातफरी मच गई। करीब आधा घंटा तक यात्री विमान में फंसे रहे। बाद में इंजन बंद होने के बाद दरवाजे खोले गए और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस फ्लाइट में हास्य कवि हेमंत पांडेय भी सवार थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि एयर होस्टेस ने दरवाजे लॉक होने की जानकारी दी थी और बताया कि इंजन कूल डाउन होने के बाद ही दरवाजे खुल सकेंगे।
इंडिगो स्टेशन मैनेजर पंकज पांडेय ने बताया कि विमान में किसी तरह की बड़ी तकनीकी खराबी नहीं थी, केवल इंजन को ठंडा होने में समय लगा। बाद में विमान को जांच के बाद शाम 5:30 बजे मुंबई के लिए रवाना किया गया।
एक महीने पहले चूहे ने रोकी थी उड़ान
यह पहली बार नहीं है जब चकेरी एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट को तकनीकी वजहों से परेशानी झेलनी पड़ी। करीब एक महीने पहले (22 सितंबर) दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट के केबिन में चूहा घुस जाने के कारण विमान को तीन घंटे तक रोकना पड़ा था।
क्रू मेंबर ने उड़ान से पहले चूहे को घूमते देखा था, जिसके बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रियों को डी-बोर्ड कराया गया और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब ढाई घंटे बाद फ्लाइट ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। सतर्कता से टला बड़ा हादसा, लेकिन यात्रियों में दहशत और असुविधा बनी रही।

