- एसपी की निगरानी में नजीबाबाद में निकाला फ्लैग मार्च
- गोलीकांड में घायल के परिजनों को दिया कार्रवाई का आश्वासन
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: नजीबाबाद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधिक प्रवृति के लोगों को चेताते हुए एसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान लोगों से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कोविड-19 के दौरान गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दी गयी। फ्लैग मार्च के बाद एसपी गोलीकांड के सम्बन्ध में परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्हें आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सोमवार को देर शाम पुलिस अधीक्षक डा.धर्मवीर सिंह ने थाने से भारी पुलिस बल के साथ शांति मार्च निकाला। एसपी और थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में शांति मार्च मौहल्ला पाईबाग, चौक बाजार, चौराहा जगन्नाथ, कृष्णा टाकीज चौराहा, माल गोदाम तिराहा होता हुआ रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर पूर्ण हुआ।
शांति मार्च से पूर्व एसपी ने पुलिस को अपराधियों पर कड़ी निगाह रखने, शांति व्यवस्था बाधित करने वालों और कोविड-19 को लेकर सरकार की ओर से जारी गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों पर पैनी निगाह रखकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शांति मार्च के बाद एसपी डा.धर्मवीर सिंह ने रविवार की रात नजीबाबाद के मौहल्ला बालकराम में तयेरे भाई की गोली से घायल हुए हर्षित सर्राफ के परिवार से मुलाकात कर हर्षित के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देते हुए शीघ्र ही गिरफ्तारी करने की बात कही।

