01.. पुलिस की खुलासे के बाद आफताब को नौकरी से निकाला। वर्क फ्रॉम होम कर रहा था आरोपी।
दिल्ली पुलिस के खुलासे के बाद कंपनी ने मेल जारी कर आफताब को नौकरी से निकाल दिया है। आरोपी गुरुग्राम में रहकर वर्क फ्रॉम होम से काम कर रहा था।

02.. आफताब ने फिर बदले बयान, कहा 35 नहीं किए थे 16 टुकड़े। फ्रिज में कटे अंगो को पांच माह तक रखा।
श्रद्धा हत्याकांड मामले में आरोपी आफताब पूछताछ में कबूल किया कि उसने श्रद्धा के सिर समेत शरीर के कई टुकड़ों को फ्रिज में पांच महीने से ज्यादा समय तक रखा था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी इसकी पुष्टि हुई है। पूछताछ में बताया है कि उसने श्रद्धा के शव के सिर्फ 16 टुकड़े किए थे।

03.. आफताब का कबूलनामा- शव काटते-काटते थक गया तो मंगाया खाना। बीयर पीकर रातभर देखी वेब सीरीज।
श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी आफताब ने पुलिस को बताया कि श्रद्धा की हत्या के बाद वह बाहर से आरी लाया और श्रद्धा का शव काटने लगा। जब वह थक गया तो खाना मंगाया और शव के सामने बैठकर खाना खाया।

04.. ‘बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना’ के लिए सभी अस्पतालों में हेल्प डेस्क। कोविड से सबक लेकर उठाया कदम।
ओडिशा में ‘बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना’ की सुविधा आम लोगों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों में हेल्प डेस्क बनाने का फैसला किया है।

05.. हैदराबाद में भाजपा सांसद के आवास पर तोड़फोड़। टीआरएस समर्थकों पर लगा तोड़फोड़ का आरोप।
भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी के हैदराबाद स्थित आवास पर कथित तौर पर टीआरएस समर्थकों ने हमला किया और तोड़फोड़ की है।

06.. टीएमसी विधायक ने बांग्लादेशियों को लेकर की टिप्पणी। भाजपा ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बताया खतरा।
पश्चिम बंगाल में टीएमसी के एक विधायक ने विवादित बयान दिया है। विधायक ने कथित तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं से कहा है कि टीएमसी का समर्थन करने वाले बांग्लादेशियों को ही मतदाता सूची में जगह मिले।

07.. नए चीफ जस्टिस ने दिए आदेश, रोजाना 10 वैवाहिक मामलों देखें। 10 जमानत याचिकाओं पर करें सुनवाई।
सुप्रीम कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने सभी बेंच को रोजाना 10 वैवाहिक मामले और 10 जमानत याचिकाओं की सुनवाई करने के लिए कहा है। चीफ जस्टिस ने यह फैसला शीर्ष अदालत के सभी न्यायाधीशों की बैठक में लिया।

08.. हादसा नहीं सुनियोजित साजिश थी पाकिस्तानी पत्रकार की हत्या। केन्याई मानवाधिकार आयोग का दावा।
पाकिस्तानी पत्रकार अरशद शरीफ की हत्या मामले में केन्या के मानवाधिकार आयोग ने बड़ा खुलासा किया है। आयोग की ओर से कहा गया है कि पत्रकार अरशद शरीफ की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी।

09.. अमेरिकी सांसदों ने जो बाइडन से किया आग्रह। चीन के खतरे से निपटने की बनाएं बड़ी रणनीति।
चीन की बढ़ती आक्रामकता पर काबू करने व इस खतरे से निपटने के लिए अमेरिका में मांग उठने लगी है। रिपब्लिकन पार्टी के दो सीनेटरों ने राष्ट्रपति जो बाइडन से मांग की है कि वे चीन को लेकर बड़ी रणनीति बनाएं।

10.. भारत ने कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान को लगाई लताड़। कहा- झूठ फैलाने की कोशिश सफल नहीं होगी।
संयुक्त राष्ट्र में बहस के दौरान कश्मीर के मुद्दे को उठाने के लिए भारत ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई और उसकी इस कोशिश को झूठ फैलाने के लिए हताशा भरा प्रयास बताया।

11.. डिंपल और रघुराज समेत कुल 13 प्रत्याशियों ने किया नामांकन। जांच के बाद स्पष्ट हो जाएगी तस्वीर।
मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए कुल 13 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। अंतिम दिन सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशी समेत कुल 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किए। वहीं, सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के लिए उनके प्रस्तावकों ने नामांकन पत्र के दो और सेट दाखिल किए।

12.. 17 साल की निधि को चौथी मंजिल से फेंकने वाले सूफियान का एनकाउंटर। आरोपी के पैर में लगी गोली।
लखनऊ में 17 साल की निधि गुप्ता को मौत के घाट उतारने वाला आरोपी सूफियान पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। दुबग्गा थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सुफियान को गिरफ्तार कर लिया और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

13.. अंतरिक्ष की दुनिया में भारत ने रचा इतिहास। देश का पहला प्राइवेट रॉकेट विक्रम एस किया लॉन्च।
स्पेस प्राइवेट सेक्टर में आज इसरो और हैदराबाद की कंपनी स्काईरूट ने इतिहास रच दिया है। देश का पहला निजी क्षेत्र का मिशन प्रारंभ सफल रहा। इस मिशन को विक्रम एस रॉकेट द्वारा प्रक्षेपित किया गया है।

14.. एलन मस्क की मीटिंग छोड़कर चले गए ट्विटर के कई कर्मचारी। कंपनी में मची भगदड़, लगी इस्तीफों की झड़ी।
एलन मस्क कर्मचारियों के साथ मीटिंग कर रहे थे तो उसी दौरान कई कर्मचारी मीटिंग छोड़ गए। मस्क मीटिंग में बोलते रहे और कई कर्मचारी बीच में ही मीटिंग को छोड़ जाते रहे। इसके बाद कंपनी में इस्तीफों की झड़ी लग गई।

15.. रिलीज के दिन ‘दृश्यम 2’ को लगा बड़ा झटका। ऑनलाइन लीक हुई अजय देवगन की फिल्म।
18 नवंबर यानी आज रिलीज हुई ‘दृश्यम 2’ पाइरेसी की मार के कारण फिल्म को बड़ा झटका लगा है। जानकारी के मुताबिक ‘दृश्यम 2’ को तमिल रॉकर्स, टेलीग्राम, फ्लिमी जिला और मूवीरुल्स जैसी बाधित वेब साइटों पर फुल एचडी क्वालिटी में ऑनलाइन लीक कर दिया गया है।

16.. भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी के नामांकन रद्द करने की मांग। रालोद प्रत्याशी मदन भैया के वकील ने दर्ज कराई शिकायत।
मुजफ्फरनगर जिले के खतौली विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के नामांकन के विरुद्ध रालोद प्रत्याशी मदन भैया के वकील ने छह बिंदुओं पर शिकायत दर्ज कराते हुए नामांकन रद्द करने मांग की है।

17.. ‘बाहुबली’ के बयान पर भड़के भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत। कहा भाजपा के कई विधायक जेल में।
भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि खतौली विधानसभा के उपचुनाव में प्रशासन ईमानदारी से चुनाव कराये, क्योंकि यह चुनाव तय करेगा कि जनता उनसे कितना खुश है।

18.. सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी मद भैया के नामांकन पर आपत्ति। वकील शिवराज त्यागी ने दी लिखित शिकायत।
मुजफ्फरनगर खतौली उपचुनाव में सपा गठबंधन से प्रत्याशी मदन भैया के नामांकन के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई गई है। आपत्ति दर्ज कराते हुए वकील शिवराज त्यागी ने रालोद प्रत्याशी मदन भैया नामांकन खारिज करने की मांग की है। वकील ने नामांकन के प्रारूप 26 नियम और 4क में त्रुटियों का हवाला दिया है।

19.. सीएम योगी 20 नवंबर को आएंगे सहारनपुर। अफसरों ने किया ग्राउंड का निरीक्षण, तैयारी हुई तेज।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 नवंबर यानी रविवार को सहारनपुर आएंगे। मुख्यमंत्री यहां विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। निकाय चुनाव से पहले अचानक मुख्यमंत्री के आगमन के कार्यक्रम की जानकारी मिलने से प्रशासनिक अमला सीएम के कार्यक्रम की तैयारी में जुट गया है।
20.. बागपत जिले में विकास के नाम पर मची लूट। पोल खुली तो हर कोई हैरान, जांच छोड़ रहे अफसर।
बागपत जिले में विकास के नाम पर लूट मची है। जब पोल खुली तो हर कोई हैरान रह गया। बता दें कि बिनौली गांव में श्मशान घाट का निर्माण अधूरा है। जिस पर 18 लाख 47 हजार रुपये का भुगतान हो गया, लेकिन 3 लाख 47 हजार के ही अभिलेख मिले। 15 लाख के अभिलेख सचिव नहीं दिखा सके। इसी तरह तमेलागढ़ी गांव में जांच में पता चला कि एक ही जगह पर दो ओपन जिम लगाने के नाम पर रुपये निकाले गए हैं। जिनमें एक पर करीब 1 लाख 90 हजार तो दूसरे पर 1 लाख 40 हजार रुपये खर्च दिखाए गए हैं। ऐसे ही गोठरा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण की जांच में करीब नौ लाख रुपये की गड़बड़ी मिली है। जिला पंचायत राज अधिकारी अमित त्यागी कहते हैं कि गांवों के विकास कार्यों में घपले करने की शिकायत मिल रही हैं। जांच कराई जा रही है। बिनौली की जांच रिपोर्ट अभी नहीं देखी है, तमेलागढ़ी में जांच करने के लिए अधिकारी ने इन्कार कर दिया। अब किसी अन्य को लगाया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।


