नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। पंजाब के भटिंडा जिले की एक अदालत ने सोमवार को मानहानि मामले में सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत को 27 अक्टूबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। अदालत ने कंगना की ओर से की गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अर्जी को खारिज कर दिया।
मानहानि का मामला क्या है
खबरों के अनुसार कंगना रनौत पर एक मानहानि का केस दर्ज किया गया था। यह मामला साल 2020-21 के किसान आंदोलन से जाकर जुड़ता है। दरअसल, कंगना रनौत ने एक री-ट्वीट किया था। इसमें भटिंडा जिले के एक गांव की रहने वाली महिला महिंदर कौर को लेकर टिप्पणी की थी। कंगना ने एक ट्वीट में महिंदर कौर की तुलना शाहीन बाग आंदोलन की बुजुर्ग महिला बिलकिस बानो से की थी।
कंगना की अर्जी खारिज
कंगना के वकील ने अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की मांग करते हुए एक अर्जी दाखिल की थी। लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कंगना की अर्जी खारिज कर दी।
वहीं, शिकायतकर्ता महिंदर कौर की ओर से पेश हुए एडवोकेट रघुबीर सिंह बेनीवाल ने कहा, ‘हमने कंगना रनौत की अर्जी का विरोध किया, क्योंकि कानून के अनुसार किसी आरोपी को केस की शुरुआती सुनवाई में उपस्थित होने से छूट नहीं दी जा सकती। हमने अदालत से अनुरोध किया कि वह उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करे, और अनुपस्थित रहने पर गिरफ्तारी वारंट जारी करे।’
कंगना पर लगाया ये आरोप
महिंदर कौर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश की मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने एक्स पर उनके बारे में झूठे बयान दिए। कंगना ने उन्हें गलत तरीके से शाहीन बाग की बिलकिस बानो बताकर छवि को ठेस पहुंचाई।

