- रीजनल के साथ-साथ वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी बनाए कई रिकॉर्ड्स
जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: चैप्टर 2′ ने भारत के साथ-साथ वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी कई रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं। भारत में अब तक 750.82 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली यह फिल्म वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। इसके साथ ही एस एस राजामौली की आरआरआर, प्रभास की बाहुबली 2 और आमिर खान की दंगल के बाद प्रशांत नील की केजीएफ-2, 1000 करोड़ का कारोबार करने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन गई है।
गौरतलब है कि 1000 करोड़ के क्लब में प्रवेश लेने वाली इन चारों फिल्मों में से तीन फिल्में साउथ की हैं, जबकि बॉलीवुड की सिर्फ दंगल ही ये आंकड़ा पार कर सकी है।इतना ही नहीं, केजीएफ के दूसरे भाग ने अपने नाम कई अन्य रिकॉर्ड्स भी किए हैं।
1000 करोड़ के क्लब में प्रवेश लेने वाली चौथी फिल्म
एस एस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ ने रिलीज के 16 दिनों बाद वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था। इत्तेफाकन, प्रशांत नील की फिल्म केजीएफ:चैप्टर 2 ने भी 16वें दिन ही 1000 करोड़ रुपये के क्लब में एंट्री ली। अब यह फिल्म आरआरआर, बाहुबली और दंगल के बाद 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली चौथी फिल्म बन गई है।
कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली फिल्म केजीएफ:चैप्टर 2 कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। बता दें कि 2018 में रिलीज हुई केजीएफ:चैप्टर 1 को भी दुनियाभर में खूब पसंद किया गया था। 80 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 250 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं भाग 2 ने 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। यानी, दोनों भागों का कुल कलेक्शन, किसी भी कन्नड़ फिल्म के कलेक्शन से बहुत ज्यादा है।
सबसे ज्यादा ओपनिंग ग्रॉस वीकेंड कलेक्शन
14 अप्रैल को रिलीज हुई फिल्म ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ सबसे ज्यादा ओपनिंग ग्रॉस वीकेंड कलेक्शन करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। बता दें कि प्रशांत नील के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ही 552 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था।
वहीं प्रभास की ‘बाहुबली-2’ ने अपने ओपनिंग वीकेंड में 526 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया था। यानी ग्रॉस वीकेंड कलेक्शन के मामले में यश की फिल्म, प्रभास की फिल्म से आगे निकल गई है। इतना ही नहीं, केजीएफ:चैप्टर 2 जितनी कमाई, आज तक किसी भी कन्नड़ फिल्म के हिंदी डब वर्जन ने नहीं की है।
ओपनिंग डे ग्रॉस कलेक्शन
‘केजीएफ:चैप्टर 2’ का ओपनिंग डे ग्रॉस कलेक्शन 52 करोड़ रुपये रहा है। यह हिंदी सिनेमा इतिहास में सबसे ज्यादा है। यश की फिल्म ने ऋतिक रोशन की ‘वाॅर’ (50 करोड़) और अमिताभ बच्चन की ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ (48 करोड़) का भी रिकार्ड तोड़ दिया है।
सबसे ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन करने वाली फिल्म
केजीएफ-2 के हिंदी वर्जन ने रिलीज के बाद, 14 दिनों के अंदर ही 353 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। इस तरह यश की फिल्म कोरोना महामारी के बाद सबसे ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन करने वाली हिंदी फिल्म बन गई।
एडवांस बुकिंग का रिकॉर्ड
केजीएफ की सफलता के बाद केजीएफ: चैप्टर 2 का क्रेज इस कदर था कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग के जरिए 60 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया था। बता दें कि एडवांस बुकिंग के जरिए इतनी कमाई करने वाली यह पहली फिल्म है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इससे पहले बाहुबली-2 ने 58 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
रीजनल सिनेमा में तोड़े कई रिकॉर्ड्स
भारत और वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड्स तोड़ने के अलावा केजीएफ- 2 ने रीजनल सिनेमा के मामले में कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। फिल्म ने ओडिशा में 10 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन, केरल में ये सबसे तेजी से 50 करोड़ का आंकड़ा पार, तमिलनाडु व मुंबई में 100 करोड़ रुपए के क्लब में एंट्री जैसे तमाम रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं।

