जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: कस्बे के मौहल्ला पतियापाड़ा स्थित एक गैरिज में आग लगने से वहां खड़ी कई गाड़ियां जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नगर के मोहल्ला पतियापडा में अंबेडकर धर्मशाला के निकट संदीप जैन का एक बड़ा हाल बना है ।जिसमे उन्होंने गैरिज बना रखा है। इसमें लगभग एक दर्जन गाड़ियां खड़ी रहती हैं। सोमवार की रात्रि आग की लपटें उठती देख पड़ोस में रहने वाले शिवकुमार की आंख खुल गई।
उसने घर से बाहर निकल कर गाड़ियों से धुंआ व आग की लपटें निकलती देखी तो शोर मचा दिया। शोर सुनकर कई लोग घरों से बाहर निकल आए। मोबाइल फोन के जरिए रात में ही गैरिज स्वामी को इसकी जानकारी दी गई। आग लगने का पता लगते ही वह रात में ही घटना स्थल पहुंच गये।
इतना ही नही वहां खड़ी गाड़ियों के मालिक भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर फायर पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसी तरह से आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझाई जाती तब तक चार चौपहिया वाहन व एक स्कूटी जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने से लगभग पच्चीस लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

