- कांवड़ यात्रा की निगरानी को बेगमपुल पर वॉच टावर, फोर्स अलर्ट पर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एसएसपी के निर्देश पर देर रात सदर व कंकरखेड़ा क्षेत्र में पड़ने वाले तमाम होटलों पर छापे मारे गए। पुलिस टीम ने इन होटलों में ठहरे लोगों के सामान की सघन चेकिंग की। पूछताछ की गई। उनके मोबाइल नंबर व अन्य डिटेल जमा किया। होटलों में छापों से हड़कंप मचा रहा। वहीं, दूसरी ओर एसएसपी ने सुरक्षा के मद्देनजर शहर के तेजगढ़ी समेत कई इलाकों का दौरान किया। कांवड़ यात्रा नोडल अधिकारी/एसपी टैÑफिक हाइवे पर मोर्चा संभाले रहे।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि एसएसपी के निर्देशन व पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना के पर्यवेक्षण में औघड़नाथ मंदिर थाना क्षेत्र सदर बाजार के परिसर एवं बाहर के सभी स्थानों पर व होटल मयूर केसरगंज में, होटल रॉयल ओडीसी थाना देहली गेट तथा थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले कांवड़ शिविर व कांवड़ मार्गों व सिटी रेलवे स्टेशन पर बीडीडीए एस टीम एवं एएस चेक टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु आदि के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसमें तमाम अधिकारी शामिल रहे। इसके अलावा बेगमपुल पर वॉच टावर की भी स्थापना की गई है। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर पूरा पुलिस फोर्स 24 घंटे अलर्ट मोड पर है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन की निगरानी में रहेगा औघड़नाथ मंदिर का कंट्रोल रूम
आगामी दो अगस्त को शिवरात्रि के पर्व के संबंध में बाबा औघड़नाथ मंदिर समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिर कमेटी का अनुमान है कि इस बार भी तीन लाख से अधिक शिवभक्त जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंच सकते हैं। शिवरात्रि पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए मंदिर में शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए बाबा औघड़नाथ शिव मंदिर समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश सिंघल और प्रबंधक दिनेश मित्तल ने बताया कि मंदिर के सामने प्रशासनिक कैंप लगाया जाएगा।
इसी के साथ 25 स्टाल के माध्यम से विभिन्न समाजसेवियों की ओर से निशुल्क प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी। प्रसाद वितरण का यह सिलसिला 31 जुलाई से दो अगस्त तक चलेगा। मंदिर समिति की ओर से व्यवस्था के लिए बेरिकेडिंग की जाएगी। जूते चप्पल स्टैंड के साथ ही मंदिर के बाहर खोया पाया केंद्र भी बनाया जाएगा। मंदिर परिसर में 23 सीसीटीवी कैमरों की मदद से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। जिसका कंट्रोल रूम शिव मंदिर के प्रथम तल पर बनाकर 30 जुलाई से प्रशासनिक अधिकारियों को हैंड ओवर कर दिया जाएगा। मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए लोटों की व्यवस्था भी समिति की ओर से कराई जाएगी। मंदिर में आने वाले शिवभक्तों के लिए मंदिर के गरुड़ द्वार से प्रवेश और नंदी द्वार से निकासी की व्यवस्था रहेगी।
व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मंदिर समिति के पदाधिकारी और सदस्य मंदिर परिसर में एक और दो अगस्त को मौजूद रहेंगे। इस बीच प्रबंधक दिनेश मित्तल ने बताया कि बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए 125 केवीए का एक और 62 केवीए के दो जनरेटर की व्यवस्था कराई जाएगी। मंदिर परिसर में कांवड़ियों के विश्राम के लिए सत्संग भवन में व्यवस्था रहेगी। एक और दो अगस्त को जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाले शिवभक्तों की सुविधा को देखते हुए दोनों दिन मंदिर 24 घंटे खुला रहेगा।
नाम बदलकर बेच रहा था छोले भटूरे, हंगामे के बाद भागा
मेरठ: सकौती के दादरी में कांवड़ियों के हंगामे के बाद छोले भटूरे बेचने वाला शख्स मारपीट व पुलिस के डर से भाग खड़ा हुआ। वहां से गुजर रहे दिल्ली के कुछ कांवड़ियों ने हंगामा करते हुए आरोप लगा दिया कि छोले भटूरे बेचने वाला मुस्लिम हैं। बस फिर क्या था, उस वक्त वहां से गुजर रहे कांवड़ियों भी इस हंगामे में शामिल हो गए। हालांकि आसपास के लोगों ने समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन हंगामा करने वालों के आगे उनकी एक ना चली। सकौती बाजार में पिछले पांच-छह वर्षों से दादरी निवासी एक व्यक्ति भोले छोले भटूरे के नाम से ठेला लगाता चला आ रहा है।
शनिवार को कुछ शिव भक्त उसके ठेले पर छोले भटूरे खाने के लिए रुके। बताया गया है कि किसी ने शिवभक्तों को बताया कि ठेला संचालक नाम बदलकर छोले भटूरे बेच रहा है। इस पर दिल्ली निवासी कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होते देख ठेला संचालक ठेला छोड़कर भाग निकला। हंगामे की जानकारी मिलने पर सकौती पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे शिवभक्तों को शांत कराया, जिस पर कांवड़िये अपने ठिकाने की ओर रवाना हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि नाम बदलकर छोले भटूरे बेचने को लेकर हंगामा हुआ था। कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। जांच की जा रही है।

