जनवाणी ब्यूरो।
मोदीपुरम: जिले में घने कोहरे और शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। सुबह घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड के कारण आमजन कांपने को मजबूर हैं और लोगों को ठंड से कोई खास राहत नहीं मिल पा रही है।
शीतलहर के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। ठंड का सबसे अधिक असर मजदूर वर्ग, रिक्शा चालकों, ठेले वालों और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। सुबह-शाम ठंड इतनी तेज हो रही है कि लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं।
घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों और शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। वहीं ट्रेन और बसों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक शीतलहर और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

