जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल ने समीक्षा बैठक की और इसके बाद दिल्ली में एक हफ्ते का लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया। इसके तहत आज से अगले सप्ताह सोमवार सुबह तक इसे जारी रखा जाएगा।
दिल्ली में कोरोना के दैनिक मामलों के बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 25, 462 लोग संक्रमित हुए हैं और 161 लोगों की मौत हुई। चिंता की बात यह है कि संक्रमण दर भी बढ़कर करीब 30 फीसदी हो गई है। वहीं, कोरोना से होने वाली कुल मौत का आंकड़ा भी 12 हजार के पार पहुंच गया है।
इस दौरान दिल्लीवासियों को तमाम पाबंदियों को ध्यान में रखना होगा। यहां पढ़ें लॉकडाउनसे जुड़ी 10 बातें-
- सोमवार रात 10 बजे से अगले सप्ताह सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा लॉकडाउन।
- निजी कार्यालयों को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा और उन्हें वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा जाएगा।
- दूसरे राज्यों से आने जाने पर रोक नहीं।
- आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को जारी किए जाएंगे पास।
- मॉल, जिम, स्पा और ऑडिटोरियम रहेंगे बंद।
- शादी में 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति। इसके लिए पहले से इजाजत लेनी होगी।
- रेस्त्रां को भी बंद रखा जाएगा और होम डिलीवरी की सुविधा भी फिलहाल नहीं रहेगी।
- साप्ताहिक बाजारों को भी बंद रखा जाएगा।
- बिना किसी कारण के बाहर निकलने पर किया जाएगा चालान।
- राजधानी दिल्ली में कोरोना के बेतहाशा बढ़ते मामलों के बीच लोगों को जागरूक किया जाएगा।

