- धारा मोड़ने के साथ ही यमुना में रेत से ही बनाया रास्ता
- एडीएम ने अधिकारियों ने पहुंचकर की वीडियोग्राफी
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: रेत खनन पट्टे से इतर रेत की ढांग लगाकर यमुना की जलधारा मोडने और जलधारा को रोककर यमुना में रास्ता बनाए जाने के मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को जांच सौंप दी है। वहीं अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने एसडीएम, पुलिस बल और राजस्व टीम को साथ लेकर मंडावर, इस्सोपुर खुरगान व नंगलाराई में पहुंचकर वीडियोग्राफी कराई। साथ ही लेखपाल टीम ने पट्टे की भी पैमाइश कराई।

प्रशासन स्तर से कैराना तहसील क्षेत्र के गांव मंडावर, इस्सोपुर खुरगान व नंगला राई में एनजीटी की गाइडलाइन का पालन करते हुए रेत खनन करने के लिए 5 साल के लिए ठेके छोड़े गए थे। गुरुवार को इन खनन प्वाइंटों पर बहुत बड़ा मामला सामने आया।
खनन ठेकेदारों ने अपने-अपने खनन प्वाइंटों पर रेत ढांग लगाकर यमुना की जलधारा को ही मोड दिया। वहीं जलधारा को रोककर अस्थाई रास्ता बना डाला। ग्रामीणों की माने तो ठेकेदारों ने अवैध खनन की नीयत से ही जलधारा को मोडा और रोका है।

जबकि एनजीटी की गाइडलाइन मेंयमुना की जलधारा को मोड़ना अवैध है। गांव मंडावर, खुरगान व नगला राई के ग्रामीणों ने तो यह भी बताया कि खनन ठेकेदारों ने यमुना की जल धारा को गलत तरीके से मोड़ा है और गलत तरीके से ही खनन कर गहरे गड़ढे कर दिए। जिससे आगामी समय में जब यमुना उफान पर होगी तो आसपास के कई गांव यमुना में बाढ़ की चपेट में आने की संभावना है।
उधर, वायरल वीडियो के आधार पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मामले में जांच के आदेश दिए। जिसके बाद शुक्रवार की दोपहर एडीएम अरविंद कुमार, एसडीएम उद्भव त्रिपाठी सीओ जितेंद्र कुमार राजस्व विभाग व लेखपालों की टीम सबसे पहले इस्सोपुर खुरगान खनन पॉइंट पर पहुंचे। जहां पर अधिकारियों ने खनन प्वाइंटों की यथास्थिति की वीडियोग्राफी की।
बाद में टीम मंडावर खनन पॉइंट पर पहुंची तथा खनन पॉइंट के अंदर जाकर यमुना के जल प्रवाह बदलने की जानकारी ली। बाद में एडीएम द्वारा खनन पॉइंट की चारों ओर की वीडियोग्राफी बनाई गई। बाद में प्रशासन की टीम नंगला राई खनन पॉइंट पर पहुंची तथा वीडियोग्राफी करने के साथ ही बारीकी से जांच पड़ताल की। बाद में पुलिस प्रशासन की टीम वापस लौट गई।
मैंने एसडीएम-सीओ के साथ तीनों खनन प्वाइंटों पर मौजूदा स्थित की वीडियो ग्राफी की है। साथ ही लेखपालों की टीम देर शाम तक प्रशासन द्वारा छोड़े गए खनन पट्टों की पैमाइश कर रहे हैं। इसके बाद पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
-अरविंद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी

