- 80 हजार की नकदी भी लूटी, स्विफ्ट कार से आए थे बदमाश
- महिला के टोकने पर बदमाशों ने ललकारा था
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: ट्रांसपोर्ट नगर थानांतर्गत गणपति एनक्लेव में कार सवार बदमाशों ने एक व्यापारी के घर से 80 हजार रुपये नगद और बारह लाख रुपये कीमत के बीस तोले जेवर लूट लिये। जिस वक्त बदमाश लूटपाट कर रहे थे तभी एक महिला ने बदमाशों को टोक दिया था। इस पर बदमाशों ने धमकी दी और वारदात को अंजाम देकर चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि गणपति एनक्लेव निवासी अंकुर गुप्ता एक आढ़ती की दुकान पर एकाउंट का काम करता है। मंगलवार को उनकी पत्नी पुष्पा, बेटा-बहू समेत सभी लोग मलियाना में मंदिर में मूर्ति स्थापना के कार्यक्रम में गए हुए थे। दोपहर ढाई बजे उनकी पत्नी पुष्पा के मोबाइल पर पड़ोसन मधुबाला का फोन आया कि उनके घर में कुछ लोग घुसे हैं। इसी बीच घर से सामान लूटने के बाद दो बदमाश बाहर आ गए।
मधुबाला ने उन्हें टोका तो दोनों नकाबपोश बदमाश धमकाते हुए नीले रंग की स्विफ्ट कार नंबर डीएल12-सीएच-2572 से भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने कालोनी के गार्ड से भी पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लिए हैं। अंकुर गुप्ता ने बताया कि बदमाश घर में रखे करीब 20 तोले सोने के जेवरात और 80 हजार रुपये नकद ले गए। तीन दिन से मलियाना पुल के नीचे स्थित मंदिर में मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में संगीत के कार्यक्रम चल रहे हैं।
तीनों दिन परिवार के लोग वहीं जा रहे थे। घर में ताला लगा रहता था। अंकुर गुप्ता की पत्नी पुष्पा दोपहर को कुछ देर के लिए पोती और पोते को स्कूल से लेने घर आई थी। 15 मिनट के भीतर बदमाशों ने लॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। टीपीनगर थाना प्रभारी संतशरण सिंह ने बताया कि गार्ड कुछ दिन पहले ही नया आया है।

उससे भी पूछताछ की जा रही है। स्विफ्ट गाड़ी के बारे में भी जानकारी की जा रही है। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन प्रियंका शर्मा के नाम पर आ रहा है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी की फुटेज की भी जांच कर रही है।
सिंगल गेट कालोनी, फिर भी चेकिंग नहीं
वहीं कालोनी की हालत देखकर ऐसा लग रहा है कालोनी के गार्ड ज्यादा गंभीर नहीं है। अगर ऐसा होता तो नीले रंग की स्वीफ्ट कार को रोका जाता। पुलिस ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोगों पूछताछ के लिये उठाया है। पुलिस ने बताया कि जब सिंंगल गेट कालोनी है और गार्ड गेट पर रजिस्टर लेकर बैठा रहता है। ऐसे में गार्ड को कार को रोक कर पूछताछ तो करनी चाहिये, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
10 मिनट में हुई चोरी
कार सवार बदमाश कालोनी के अंदर दोपहर 2.49 मिनट पर घुसे और 2.59 मिनट पर फ्लैट से निकल गए। बदमाशों ने एक झटके में फ्लैट का गेट तोड़ कर बेडरुम में दाखिल हुए। बदमाशों को वहां रखी आलमारी बिना ताला लगे हुए मिली। बदमाशों ने आराम से सारे जेवरात और नकदी निकाली और फरार हो गए। अंकुर गुप्ता ने पुलिस को बताया कि बदमाश, सोने की चार अंगुठियां, चेन, मंगलसूत्र, कान के टाप्स आदि जेवरात और अस्सी हजार रुपये चोरी करके ले गए हैं।

