जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंच चुके हैं, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं एयरपोर्ट जाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान भव्य स्वागत और आपसी सौहार्द्र का नज़ारा देखने को मिला। पुतिन के इस दौरे का आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उनके अधिकतर प्रमुख कार्यक्रम आज ही निर्धारित हैं।
सुबह राष्ट्रपति भवन में पुतिन को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके पश्चात वे राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद लगभग 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन हैदराबाद हाउस में 23वीं भारत-रूस शिखर बैठक में शामिल होंगे। उम्मीद है कि व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। बैठक के बाद दोनों नेता संयुक्त बयान जारी करेंगे।
दोपहर करीब 4 बजे पीएम मोदी और पुतिन भारत-रूस बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे। इसके लिए दोनों नेता भारत मंडपम पहुंचकर विभिन्न उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से मुलाकात करेंगे, जहां द्विपक्षीय व्यापार को और मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा होगी। साथ ही, यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ होने वाली मीटिंग में मुक्त व्यापार समझौते, रूसी सेना में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी, नागरिक परमाणु सहयोग और रक्षा संबंधों के विस्तार जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
शाम लगभग 7 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन करेंगी। कुल मिलाकर पुतिन का यह दौरा भारत-रूस संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। करीब 30 घंटे भारत में बिताने के बाद पुतिन देर रात रूस के लिए रवाना हो जाएंगे।

