जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: मोहर्रम और कांवड़ यात्रा-2025 के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष तिवारी ने रिजर्व पुलिस लाइंस की जिला प्रशिक्षण इकाई (डीटीयू) में डायल-112 के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) सिद्धार्थ वर्मा भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने आगामी पर्वों के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी आशीष तिवारी ने डायल-112 स्टाफ को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने और सोशल मीडिया पर नजर रखने की सलाह दी। तिवारी ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आमजन के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार करने को कहा, जिससे जनता का विश्वास कायम रहे और कोई अप्रिय घटना न हो।
वहीं, एसपी ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा ने कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैदी से ड्यूटी करें। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष योजना बनाई गई है।गोष्ठी में दोनों अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को पर्वों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी।
उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता से ही इन आयोजनों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। पुलिस प्रशासन ने जनता से भी सहयोग की अपील की है।

