- शासन से आदेश पहुंचने के बाद भी सफाई ना होने से पनपा रोष
जनवाणी संवाददाता |
रोहटा: सोमवार को ग्रामीणों ने राजापुर गांव में पंचायत की जिसमें नाले की सफाई नहीं होने पर किसानों ने शासन प्रशासन के खिलाफ बिगुल फूंकने का ऐलान कर दिया है।
गौरतलब है कि करना कि सरधना से निकलने वाले गंदे नाले, फैक्ट्रियों व पूरे सरधना कस्बे का दूषित पानी रोहटा ब्लॉक के दर्जनभर गांवों नारंगपुर, कलीना, रजापुर, मिर्जापुर व रासना आदि गांवों से होकर हिंडन नदी में जाकर गिरता है।
इस दूषित नाले से इन गांवों की कई सौ बीघा फसल या तो बंजर हो चली है या पानी भरने के कारण फसल तबाह और बर्बाद होकर रह गई है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र के किसान अरसे से नाला सफाई की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन, इसे लेकर किसानों का आरोप है कि ना तो सिचाईं विभाग इसके प्रति गंभीर है और ना ही शासन। जिसे लेकर किसानों की मेहनत की गाढ़ी कमाई पर बार-बार पानी फिर जाता है और उनकी फसल तबाह बर्बाद होकर रह जाती है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र के किसानों में लगातार आक्रोश पनपता जा रहा है। इसको लेकर सोमवार को रजापुर में राजेंद्र चौधरी के आवास पर किसानों की बैठक हुई।
बैठक में चेतावनी दी गयी कि यदि शीघ्र ही नाले की सफाई न कराई गयी तो धरना शुरू करेंगे। आरोप है कि हसनपुर रजापुर, नारंगपुर, कलीना के किसानों की करीब पंद्रह सौ बीघा जमीन में नाले का पानी खेतों में भरने से फसल नहीं उगा पा रहे हैं। जिस किसान ने फसल बुआई कर भी दी तो पानी भरने से खराब हो जाती है।
इसके लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों, डीएम व एसडीएम के अलावा जन प्रतिनिधियों से भी मिल चुके हैं। लेकिन, अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। जबकि नाले की सफाई के आदेश रासना के जंगल तक किये जा चुके हैं।
इसे लेकर विभाग के अफसर कतई गंभीर नहीं है जिसे लेकर किसानों ने चेतावनी जारी कर दिया यदि शीघ्र सफाई शुरू नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
इस मौके पर मुख्य रूप से मास्टर अरूण चौधरी, देवेंद्र सिंह, योगेश शर्मा, सुभाष, बिजेपाल, ओमबीर सिंह, नरेंद्र, ओमकार, रिशपाल, ब्रजपाल, सतीश शर्मा, हरपाल मांगे आदि लोग मौजूद रहे।

