- नागरिकों ने दी पलायन की चेतावनी
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: श्रद्धापुरी फेज दो के लोगों ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर हंगामा किया। यहां के नागरिकों का कहना था कि नगर निगम उनके घर के सामने सब्जी और फल विक्रेताओं को कुछ भूमि अलॉटमेंट करने का मन बना रहा है। जिस कारण उनके घरों में ताक झांक बढ़ जाएगी। विरोध में उन्होंने यहां से पलायन करने की चेतावनी दी है।
श्रद्धापुरी फेज-दो निवासी पहलाद सिंह, सुरेंद्र कुमार सब्बरवाल, अजय मलिक, सत्तो देवी, राजेश, सरला, अनीता और वीरेंद्र राठी ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और पलायन की चेतावनी दी। पहलाद सिंह ने बताया कि वह रिटायर अध्यापक है।
कुछ दिन पूर्व नगर निगम अधिकारियों के द्वारा उनके घर के सामने नाले के किनारे सौंदर्य करण के नाम पर टाइल्स लगाई थी। उन्होंने बताया दो दिन पूर्व नगर निगम के अधिकारी आए और फल विक्रेताओं व सब्जी विक्रेताओं से रजिस्ट्रेशन कराने के लिए उनका आधार कार्ड मांगने लगे।
इस पर जब लोगों ने पूछा कि यहां क्या काम किया जाएगा। तब अधिकारियों ने बताया कि यह सरकारी भूमि है और यह स्थान सब्जी और फल विक्रेताओं के लिए अलाट किया जाएगा। इस पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने इस संबंध में एक मीटिंग की और नगर निगम कर्मचारियों से दो-दो हाथ करने के बजाए पलायन करने की ठान ली।
शनिवार को स्थानीय लोग इकट्ठे हुए और पलायन करने का पोस्टर मकानों पर चस्पा कर दिया। उनका कहना था कि सब्जी विक्रेताओं और फल विक्रेताओं के कारण उनके घरों में ताक झांक बढ़ जाएगी और छेड़छाड़ की घटनाएं भी ज्यादा होने लगेगी। यदि नगर निगम के अधिकारियों ने स्थान नहीं बदला तो वह यहां से पलायन कर जाएंगे।

