- घुडचढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग के दौरान लगी थी गोली
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: गांव सिलावर में घुडचढी के दौरान डांस करते हुए फायरिंग में घोडी-बग्गी चालक की मौत के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है।
आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव सिलावर निवासी सागर पुत्र संजू की 20 मार्च को गांव में घुडचढ़ी समारोह चल रहा था। रात्रि में करीब साढ़े 10 बजे घुडचढ़ी के सामने सभी लोग डांस कर रहे थे। जबकि सोनू पुत्र मलखान प्रजापति घोडी-बग्गी चला रहा था। डांस करते हुए गांव के ही गुल्लू पुत्र सुरेंद्र से हर्ष फायरिंग को लेकर कहासुनी होने पर गुल्लू ने तमंचे से सोनू को गोली मार दी थी।
जिसमें उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के पिता की लिखित तहरीर पर आदर्श मंडी थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसपी सुकीर्ति माधव हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए टीम लगाई गई थी।
टीम के अलावा सर्विलांस व एसओजी को भी इस कार्य हेतु लगाया गया था। तीनों टीमों ने 26 मार्च को वांछित हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है। हत्यारोपी को गिरफ्तारी से बचाने व सहयोग करने में पूर्व प्रधान शिवराज पुत्र रणवीर निवासी ग्राम सिलावर की भूमिका प्रकाश में आई है, जो अपने घर से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

