- 17 दिन से गायब थी गरीब की बेटी, हाथ पर हाथ धरे बैठे रही पुलिस
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेडिकल थाना के कालियागढ़ी क्षेत्र निवासी किशोरी (13) की कीर्ति पैलेस नाले में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव बुरी तरह से गल गया है। आशंका है कि शव हत्या कर फेंका गया। साथ ही यह भी कि हत्या से पूर्व उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। हालांकि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका तमाम लोग जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
सोयी रही मेडिकल पुलिस
किशोरी बीते 20 जनवरी से लापता था। किशोरी के पिता राजू उर्फ राजकुमार ने बताया कि उनकी बेटी जाह्नवी सामान लेने जाने को घर से गयी थी। वह गयी तो जिंदा थी, लेकिन 17 दिन बाद उसकी मौत की खबर घर पहुंची। राजू मजदूरी कर किसी प्रकार परिवार का गुजारा करता है। बेटी की मौत की खबर से वह बुरी तरह टूट गया है।
लोगों ने दी पुलिस को खबर
मेडिकल के कीर्ति पैलेस के नाले में किशोरी के शव की सूचना भी पुलिस को लोगों ने दी। दरअसल, बुधवार को लोगों ने नाले में एक शव डूबता देखा। शव देखकर वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गयी। इस बीच किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को शव की सूचना दी। उसके बाद ही मेडिकल पुलिस वहां पहुंची।

परिजन भी पहुंचे
शव मिलने की खबर पूरे इलाके में जंगल की आग की भांति फैल गयी। किशोरी के परिजनों ने जब सुना तो अनिष्ट की आशंका से डरे घबराए हुए वो भी नाले पर पहुंच गए। शव देखा तो उसकी पहचान जाह्नवी के रूप में कर ली। मेडिकल के कालिया गढ़ी निवासी एमके राजकुमार ने बताया कि उनकी बेटी जाह्नवी गत 20 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे सुबह घर से दुकान पर कुछ खाने का सामान लेने गई थी। वापस घर नहीं आई। किशोरी 20 जनवरी से घर से लापता थी। किशोरी का बुरी तरह से गल गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
किशोरी की लाश मिलने के बाद जिस प्रकार की आशंकाएं व्यक्त की जा रही है। उसके चलते पुलिस भी अब एक्टिव हो गयी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को पूरी उम्मीद है कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से जरूर कातिल तक पहुंच सकेगी। वहीं, दूसरी ओर जिन्होंने भी शव को देखा उनका कहना था कि हत्या से पहले किशोरी से दुष्कर्म किया गया है।
यह भी आशंका जतायी जा रही है कि इस शर्मनाक व ह्दय विदारक वारदात को अंदाम देने वाला आसपास का ही कोई हो सकता है। मेडिकल पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। वारदात का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।
मां ने जन्म तो दिया मगर मरने को दिया फेंक
मेरठ: नौ माह कोख में रखने के बाद मां ने जन्म तो दिया, लेकिन माना जा रहा है कि लोकलाज के डर से बिन ब्याही मां ने उसको मरने के लिए ही कूड़ा कचरे के ढेर पर फेंक दिया। टीपीनगर थाना क्षेत्र में एक पॉलीथिन में लावारिस नवजात मिली। लोगों ने जब तक नवजात को देखा और उसे डॉक्टर के पास ले गए। जहां अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस सीसीटीवी खंगालकर बच्ची के माता-पिता की तलाश में जुट गई है।

