- रोडवेज के भैंसाली डिपो से डयूटी खत्म कर घर जा रहा था परिचालक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सदर थाना क्षेत्र के रुड़की रोड टैंक चौराहे पर स्कूटी से जा रहे रोडवेज के परिचालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि परिचालक शैलेन्द्र कुमार निवासी पबरसा दौराला की गर्दन धड़ से अलग हो गयी। हादसे की सूचना पुलिस को राह चलते लोगों ने दी।

सूचना पर थाना लालकुर्ती व सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गयी। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।बताया गया है कि शैलेन्द्र कुमार रोडवेज के भैंसाली डिपो पर परिचालक के पद पर कार्यरत थे। सोमवार रात करीब 11 बजे वह ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से पवारसा जा रहे थे,

रुड़की रोड पर वह हादसे का शिकार हो गए। पुलिस द्वारा हादसे की सूचना दिए जाने पर शैलेन्द्र की पत्नी नीलम व मां मायादेवी थाना सदर बाजार पहुंच गयीं। मृतक के दो बेटियां रानी व रिया हैं। शैलेन्द्र की हादसे में मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
अज्ञात अधजला शव मिलने से सनसनी
बहसूमा: सोमवार सुबह गांव मोड़कलां के ग्राम प्रधान कृष्णपाल देशवाल के खेत में गन्ने की छिलाई कर रहे किसान को अज्ञात युवक का अधजला शव पड़ा मिला। सूचना पर चौकी इंचार्ज शीशपाल सिंह व थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने शव की पहचान मिटाने के लिए शव में आग लगाई थी। सीओ मवाना सौरभ सिंह व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य मौके से इकट्ठा कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार का कहना है कि शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन शव बुरी तरह से झुलसा हुआ था। घटनास्थल पर युवक की शिनाख्त के लिए कोई सामान आदि कुछ नहीं मिला है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। छानबीन की जा रही है। आसपास पता किया जा रहा है कि कोई लापता तो नहीं है।
आॅटो पलटने से अधेड़ की मौत
खरखौदा: धीरखेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित हापुड़ मार्ग पर भैंसा-बुग्गी को बचाने के प्रयास में आॅटो पलट गया। जिससे उसमें सवार की आटो के नीचे दबकर अधेड़ की मौत हो गई। बहरामपुर निवासी विजयपाल उम्र करीब 55 वर्ष पुत्र रघुवर गुर्जर दिल्ली नगर निगम में नौकरी करता था। सोमवार सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए खरखौदा बस स्टैंड से हापुड़ के लिए आॅटो में सवार हो गया जैसे ही आॅटो हापुड़ के असौड़ा के निकट पहुंचा तो आगे जा रही भैंसा-बुग्गी को बचाने के प्रयास में आॅटो सड़क पर ही पलट गया
और उसमें बैठी सवारी उसके नीचे दब गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आॅटो को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला और पास ही चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले गए। जहां विजयपाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों ने गमगीन माहौल में गांव के श्मशान घाट में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पेड़ पर लटका मिला शव, हत्या का आरोप
लावड़: कस्बे में सोमवार को जलालपुर-लावड़ मार्ग पर बाग में आम के पेड़ पर 35 वर्षीय युवक का शव रस्सी पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंची। पुलिस ने युवक के शव को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी जयकिशन पुत्र धनपत जाटव थाना इंचौली दो दिन से लापता था। सोमवार को जलालपुर-लावड़ मार्ग पर आम के बाग में जयकिशन का शव रस्सी से बने फंदे पर लटका हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर लावड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। उधर, युवक ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है। पुलिस गुत्थी सुलझाने में लगी हुई है। युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि अभी कुछ दिन पहले तीन-चार आदमी युवक के घर आए थे और कुछ पैसे के लेन-देन की बात कर रहे थे। जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

