जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: मंडावली कस्बे निवासी मंदबुद्धि युवक सोनू की ठंड लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोनू पिछले दो दिनों से सड़क के किनारे पड़ा हुआ ठंड से कांप रहा था। लोगों ने बताया कि सड़क के किनारे पड़े एक लोहे के बंकर में ठंड से बचने के लिए सोनू उसमें लेट जाता था। आसपास के लोगों ने उसको एक कंबल भी दिया था। लेकिन पुलिस या प्रशासन की नजर उस पर नहीं पड़ी जबकि शासन के सख्त आदेश है कि सड़क किनारे पड़े किसी भी व्यक्ति को ठंड से बचाने के लिए आसपास के रैन बसेरे या कहीं और सुरक्षित स्थान पर भेजना प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी थी। लेकिन किसी ने भी उसकी सुध लेना गवारा नहीं समझा। पिछले कई दिनों से हो रही कड़ाके की ठंड सोनू नहीं झेल पाया और उसकी मौत हो गई।

