- सदर शिव चौक पर हाइटेंशन में लगी आग से मचा हड़कंप
- पीछा नहीं छोड़ रही लो वोल्टेज की मुसीबत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जून की शरीर झुलसा देने वाली गर्मी उस पर अघोषित बिजली कटौती का दर्द, न तो गर्मी से मुक्ति मिल पा रही और न ही बिजली की अघोषित कटौती से। वहीं, दूसरी ओर पीवीवीएनएल के अफसरों ने भी अब कटौती के सवाल पर हाथ खडेÞ करने शुरू कर दिए हैं, उनका तर्ज है कि जितना बेहतर से बेहतर किया जा सकता है किया जा रहा है। गर्मी का करीब 50 साल का रिकॉर्ड इस बार टूट गया है। डिमांड में भारी उछाल है, ऐसे मे यही कहा जा सकता है कि महकमा तो प्रयास कर ही रहा है, लेकिन उपभोक्ता भी बिजली खर्च करने में थोड़ी कंजूसी बरतें। घर में चार ऐसी हैं तो फिलहाल कुछ दिन एक ही चलाएं।
सदर में हाइटेंशन विद्युत लाइन में आग
सदर बाजार थाना क्षेत्र के शिव चौक स्थित बिजली के एक पोल के हाइटेंशन तारों में मंगलवार की देर शाम अचानक भयंकर आग लग गयी। जिस वक्त यह हादसा हुआ बाजार में काफी भीड़ थी। आग की चपेट में आने से नीचे वाली दुकानें बाल-बाल बचीं। आग के बाद वहां भगदड़ गयी। आनन-फानन में सूचना दिए जाने पर तत्काल दमकल की दो गाड़ियां वहां पहुंची। उन्होंने किसी प्रकार प्रयास कर आग पर काबू पाया। इस दौरान बाजार में अफरा-तफरी मची रही। लोगों ने बताया कि थोड़ी सी भी देरी हुई होती तो आग विकराल रूप धारण कर सकती थी।
गुल रहेगी बत्ती
काजीपुर बिजलीघर से संचालित एवन कलोनी की विद्युत आपूर्ति सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक बाधित रही। सुरैया सैफी ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से एवन कलोनी की विद्युत आपूर्ति बहुत ज्यादा परेशान कर रही है। पूरे दिन मे महज 6 से 8 घंटे ही संचालित हो रही है। वहीं, शास्त्रीनगर आवास विकास के ट्रांसफार्मर में भयंकर आग लगने से वहां भगदड़ मच गई। पास में रखे खोखे में भी आग लग गई। जिससे खोखा भी जलकर राख हो गया। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, शास्त्रीनगर सेक्टर-11 के आसपास की बत्ती गुल हो गई है।

