- एसडीएम ने किया ब्लॉक और पालिका कार्यालय का निरीक्षण
जनवाणी ब्यूरो |
कैराना: उप जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण के खंड विकास कार्यालय तथा नगर पालिका परिषद कार्यालय कैराना पर व्यवस्थाओं के साथ-साथ कर्मचारियों की पोल खुल गई। एसडीएम के निदरीक्षण में दोनों कार्यालयों में 9 अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित मिलें। एसडीएम ने अनुपस्थित अधिकारियों तथा कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और एक-एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति करते हुए जिलाधिकारी रिपोर्ट भेज दी है।
मंगलवार की सुबह करीब 10:15 बजे एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने कैराना खंड विकास कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसडीएम के निरीक्षण के दौरान खंड विकास कार्यालय पर एडीओ कृषि महकार सिंह, अवर अभियंता लघु सिंचाई भूपेंद्र कुमार, वरिष्ठ सहायक मोहित मलिक, पर्यवेक्षक समाज कल्याण चरण सागर एवं पत्रवाहक आरिफ अनुपस्थित मिलें। एसडीएम के निरीक्षण खंड विकास कार्यलय पर हड़कंप मच गया।
इसके बाद 10 बजकर 25 मिनट पर एसडीएम नगर पालिका में आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे। पालिका में भी 4 अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिनमें सफाई निरीक्षक कविता त्यागी, गृहकर लिपिक रविकांत, कार्यवाहक लिपिक जहांगीर व चौकीदार बिशारत अनुपस्थित मिलें।
एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने बताया कि दोनों कार्यालयों में अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने तथा एक-एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति करते हुए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है। डीएम के आदेश के बाद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन काटा जाएगा। दोनों कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

