Home Uttar Pradesh News Meerut अधिकारी बने मूकदर्शक, अवैध दुकानों का हो गया उद्घाटन

अधिकारी बने मूकदर्शक, अवैध दुकानों का हो गया उद्घाटन

0
अधिकारी बने मूकदर्शक, अवैध दुकानों का हो गया उद्घाटन
  • एक और अवैध निर्माण बनकर तैयार, आवासीय का हो रहा कमर्शियल यूज
  • अपर आवास आयुक्त के आदेशों की अनदेखी

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: आवास विकास परिषद के खेल भी निराले हैं। यहां आवास विकास अपर आयुक्त के आदेशों की भी खुलेआम अनदेखी की जाती है। क्षेत्र में आवासीय में कमर्शियल यूज की कई शिकायतें हाईकमान तक पहुंची जिसके बाद वहां से कार्रवाई के आदेश हुए, लेकिन पुरानों पर तो कार्रवाई हुई नहीं और नये निर्माण बनकर खड़े हो गये। यहां शनिवार तक जहां काली पन्नी डालकर अवैध निर्माण चल रहा था सोमवार को उसका बड़े धूम धड़ाके के साथा उद्घाटन तक कर दिया गया। जबकि आवास विकास उसके खिलाफ तहरीर तक दे चुका है, लेकिन निर्माण करने वालों ने आवास विकास के आदेशों की अनदेखी कर यहां बड़ा आलीशान प्रतिष्ठान शुरू कर दिया।

11 13

आवास विकास परिषद की योजना शास्त्रीनगर के एच ब्लॉक, एफ ब्लॉक, डी ब्लॉक, सेक्टर एक समेत तमाम कई ऐसी जगह हैं। जहां आवासीय प्रॉपर्टी का खुलेआम कमर्शियल यूज हो रहा है। इनमें सेक्टर एक स्थित केसर स्वीट्स समेत कई की शिकायत हुई। जिसमें यहां एमडीए की ओर से सील तक लगाई गई थी, लेकिन यहां केसर स्वीट्स के मालिक ने खुद ही सील खोलकर प्रतिष्ठान सुचारू रूप से चालू रखा है। यहां आवास विकास ने कोई कार्रवाई नहीं की।

इस मामले में शिकायत लखनऊ पहुंची जहां अपर आवास आयुक्त उदयभानु त्रिपाठी ने एक पत्र जनवरी माह में आवास विकास परिषद मेरठ को भेज 15 दिनों में कार्रवाई के आदेश दिये, लेकिन यहां 15 दिन पूरे हो चुके हैं और आवास विकास ने यहां कोई कार्रवाई नहीं की। अब ऐसा ही एक निर्माण यहां डी वन में फिर से बनकर तैयार हो गया है लेकिन अधिकारी यहां भी आंखे मूंदे बैठे है।

आवास विकास के अधिकारियों के सामने ही डिलीसियस बेकरी ने यहां डिलीसियस स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट के नाम से एक और प्रतिष्ठान अवैध रूप से संचालित कर दिया है। जबकि आवास विकास इसे नोटिस और तहरीर तक दे चुका है, लेकिन निर्माण करने वालों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और यहां अवैध दुकानें बनाई गर्इं और फिर यहां सोमवार को प्रतिष्ठान का उद्घाटन कर दिया गया और अधिकारी कुछ नहीं कर पाये।

निर्माण के लिये काटे हरे पेड़

यहां डिलीसियस स्वीट्स संचालकों ने आवासीय प्रॉपर्टी पर कमर्शियल कार्य शुरू किया और इसके लिये उन्होंने यहां अशोक के पेड़ों को भी काट दिया। इन्होंने यहां अवैध तरीके से तीन से चार हरे पेड़ों को काट दिया और इनके खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

जबकि यहां शनिवार तक काली पॉलीथिन से ढककर अंदर ही अंदर पूरी तैयारी की जा रही थी। दो दिनों में यहां उद्घाटन भी कर दिया और अधिकारियों को जानकारी तक नहीं लगी। क्षेत्र में इसके अलावा और भी कई ऐसे निर्माण हैं जिनमें 232/1, एफ 211 और कई निर्माण शामिल है। इन पर 15 दिनों में कार्रवाई के आदेश लखनऊ से आ चुके हैं और अधिकारी आंखे मूंदे बैठे हैं।

उधर, जेई दुजई राम का ने बताया कि डिलीसियस वालों को कई बार पहले भी नोटिस जा चुका है। जो निर्माण हुआ है इस संबंध में भी नोटिस जारी किया गया था। फिलहाल तबीयत ठीक न होने के कारण छुट्टी पर हैं। जिसके बाद कार्रवाई की जायेगी।