जनवाणी ब्यूरो |
रोहटा: उत्तर प्रदेश पीसीएस-2018 की परीक्षा में मेरठ जिले के कई होनहारों ने सफलता हासिल कर मेरठ का नाम रोशन किया है। किसी ने नौकरी में रहते हुए परीक्षा की तैयारी बनाए रखी थी तो किसी ने सफलता पाने के लिए दिन-रात एक कर दिया।
अपने-अपने क्षेत्र में जाकर अब ये युवा समाज के लिए कुछ अलग करना चाहते हैं। पीसीएस-2018 की परीक्षा का शुक्रवार को रिजल्ट जारी किया गया। इसमें मेरठ के होनहारों ने एक नई इबारत लिखी है। युवाओं ने समाज के लिए कुछ नया करने के लिए लक्ष्य बनाया है।
सरूरपुर के खंड विकास अधिकारी अमित कुमार ने जहां नौकरी में रहते हुए 49 रैंक हासिल करके नहीं इबारत लिखी तो वही ब्लॉक रोहटा के गांव रसूलपुर जाहिद की ग्राम प्रधान अमरेश देवी के पुत्र राजा चौधरी ने यूपी पीसीएस की परीक्षा पास कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
राजा चौधरी ने आईआईटी रूड़की से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है। इसी दौरान उसने अपने गांव के अधिकारियों के दौरे से प्रभावित होकर अफसर बनने लक्ष्य तय किया था। जिसकी लगातार तैयारी करते हुए अपने मुकाम को हासिल किया। उनके पिता संजय चौधरी भी इंजीनियर रह चुके हैं।
गांव रसूलपुर जाहिद निवासी राजा चौधरी ने पीसीएस परीक्षा पास करते हुए अपने गांव के साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस दौरान कुलवंत सोलंकी व गणमान्य लोगों ने घर पहुंचकर परिजनों को सफलता पर बधाई दी है।

