जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर सहारा हॉस्पिटल में नि:शुल्क हेपेटाइटिस ‘बी’ व ‘सी’ स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत सहारा इंडिया परिवार के वरिष्ठ सलाहकार अनिल विक्रम सिंह, डा. अंकुर गुप्ता एवं डॉ. दयाराम ने फीता काटकर किया। इस शिविर में कई लोगों ने अपनी जांच करायी और लाभ प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त वायरल हेपेटाइटिस के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया, वहीं, इस बीमारी की रोकथाम, परीक्षण और उपचार के बारे में भी जानकारी दी गयी।
हॉस्पिटल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के डा. अंकुर गुप्ता ने जानकारी दी कि वर्तमान परिवेश में हेपेटाइटिस बी और सी की समस्या स्वास्थ्य क्षेत्र में एक चुनौती है। पूरी दुनिया को हेपेटाइटिस की बीमारी से जागरूक करने के लिए इस साल भी 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाया गया। साल 2022 में विश्व हेपिटाइटिस दिवस की थीम रखी गयी है आई कांट वेट। डा.दयाराम के अनुसार आंकड़े बताते हैं कि हेपेटाइटिस के कारण पूरी दुनिया में हर 30 सेकंड में एक व्यक्ति की मौत हो जाती है। लगातार गंभीर हो रही इस बीमारी को देखते हुए वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन ने 2030 तक इसे खत्म करने का लक्ष्य रखा है। यही वजह है कि इस बीमारी को लेकर लोगों में ज्यादा से ज्यादा जागरूकता बढ़ाई जा रही है, क्योंकि जानकारी के अभाव के कारण ज्यादातर लोग इस बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं।

