जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 13 सितंबर, को दो साल के लंबे अंतराल के बाद मणिपुर पहुंचे। यह दौरा वर्ष 2023 में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच हुई जातीय हिंसा के बाद उनका पहला मणिपुर दौरा है। इस संवेदनशील यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने इंफाल और चुराचांदपुर में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनके पुनर्वास और राज्य में शांति बहाली के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर मणिपुर को 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। उनकी यात्रा से पहले राज्य के मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की थी।
जातीय हिंसा की पृष्ठभूमि में दौरा
गौरतलब है कि मणिपुर में मई 2023 से भड़की जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। विपक्ष लगातार इस बात को लेकर सरकार की आलोचना करता रहा है कि प्रधानमंत्री ने अब तक मणिपुर का दौरा क्यों नहीं किया। ऐसे में यह दौरा राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने प्रधानमंत्री के दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि यह “शांति और स्थायी प्रगति की ओर ले जाने वाला क्षण” है।
तीन दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा केवल मणिपुर तक सीमित नहीं है। वह 13 से 15 सितंबर तक मिजोरम, मणिपुर, असम, बिहार और पश्चिम बंगाल का दौरा कर रहे हैं। मणिपुर से पहले उन्होंने मिजोरम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया।
A landmark day for Mizoram as it joins India's railway map! Key infrastructure projects are also being initiated. Speaking at a programme in Aizawl. https://t.co/MxM6c2WZHZ
— Narendra Modi (@narendramodi) September 13, 2025
मिजोरम को पहली रेलवे लाइन की सौगात
मिजोरम में प्रधानमंत्री ने राज्य की पहली रेलवे लाइन — बैराबी-सैरांग रेल परियोजना — का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने सैरांग से दिल्ली तक राजधानी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी और मिजोरम को देश की राजधानी से जोड़ने में बड़ी भूमिका निभाएगी।
इस परियोजना में शामिल हैं:
45 सुरंगें
55 बड़े पुल
87 छोटे पुल
कुल लागत: 8,070 करोड़ रुपये
इसके अलावा मिजोरम एक्सप्रेस नामक एक नई ट्रेन को भी शुरू किया गया है, जो सैरांग से गुवाहाटी के बीच रोजाना चलेगी।
असम को 18,530 करोड़ रुपये की परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी 14 सितंबर को असम में 18,530 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें शामिल हैं:
दरांग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल
GNM स्कूल
B.Sc नर्सिंग कॉलेज
नुमालीगढ़ रिफाइनरी में बायोएथेनॉल संयंत्र
बिहार को 36,000 करोड़ की सौगात
15 सितंबर को पीएम मोदी बिहार के पूर्णिया और भागलपुर में रहेंगे, जहां वे:
पूर्णिया हवाई अड्डे के अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे
36,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे
पीरपैंती ताप विद्युत परियोजना का शिलान्यास (बिहार में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा, 25,000 करोड़ रुपये का निवेश)
कोसी-मेची नदी लिंक परियोजना की आधारशिला (2680 करोड़ रुपये)
प्रधानमंत्री विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कई नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण और शहरी) के अंतर्गत 40,920 लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया जाएगा।
बंगाल में कमांडर्स सम्मेलन
प्रधानमंत्री 15 सितंबर को कोलकाता में संयुक्त कमांडर्स कांफ्रेंस 2025 का उद्घाटन करेंगे। यह सम्मेलन 15 से 17 सितंबर तक चलेगा और इसमें प्रधानमंत्री देश की तीनों सेनाओं के शीर्ष कमांडरों को संबोधित करेंगे।
पूर्वोत्तर को केंद्र सरकार का बड़ा संदेश
पीएम मोदी का यह दौरा सिर्फ विकास योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूर्वोत्तर राज्यों को यह संदेश भी देता है कि केंद्र सरकार उनकी संवेदनशीलता, सुरक्षा और समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

